राजनीति

#राजनीति

November 23, 2026

हिमाचल: 81 साल की उम्र में फिर चुनावी रण में उतरेंगे कौल सिंह ठाकुर! जन्मदिन पर पारित किया प्रस्ताव

कौल सिंह ने हाईकमान पर छोड़ा फैसला, अब दिल्ली दरबार पर टिकी नजरें

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Kaul singh contest election 2027

मंडी। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी समय जरूर है, लेकिन नेताओं ने अपनी-अपनी विधानसभा सीटों पर राजनीतिक जमीन मजबूत करने और टिकट की दावेदारी पेश करने के लिए अभी से कमर कस ली है। इसी बीच मंडी जिला की द्रंग विधानसभा सीट से कांग्रेस की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर के 81वें जन्मदिन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनके नाम पर अपनी सहमति जताते हुए उन्हें द्रंग से प्रत्याशी बनाने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। इस प्रस्ताव के बाद अब सवाल उठने लगा है कि क्या 81 साल की उम्र में कौल सिंह एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरेंगे और क्या कांग्रेस हाईकमान उनकी दावेदारी पर मुहर लगाएगा?

जन्मदिन के मंच से चुनाव का शंखनाद

कौल सिंह ठाकुर के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम महज शुभकामनाओं और बधाइयों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यहां से द्रंग विधानसभा क्षेत्र की आगामी राजनीतिक दिशा को लेकर भी संदेश देने की कोशिश हुई। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कौल सिंह ठाकुर को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में द्रंग से पार्टी प्रत्याशी बनाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं के इस प्रस्ताव को उनके समर्थकों की ओर से आगामी चुनाव के लिए शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। इससे द्रंग कांग्रेस में टिकट को लेकर चर्चाओं का नया दौर शुरू हो गया है।

 

यह भी पढ़ें : मिशन 2027: नूरपुर-फतेहपुर के भंवर में फंसे राकेश पठानिया, BJP हाईकमान की होगी अग्निपरीक्षा!

कौल सिंह बोले- हाईकमान का फैसला होगा मंजूर

कार्यकर्ताओं की ओर से चुनाव लड़ने के पक्ष में प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद कौल सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में पार्टी हाईकमान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व का होगा और हाईकमान जो निर्णय करेगा, वह उन्हें स्वीकार होगा। कौल सिंह ने कहा कि वह अब चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे, लेकिन द्रंग की जनता की मांग और पार्टी हाईकमान के आदेश को उन्होंने पहले भी कभी नहीं टाला है। उनके इस बयान ने चुनावी चर्चाओं को और दिलचस्प बना दिया है। 

युवाओं को मौका देने की बात, फिर खुद चुनावी चर्चा के केंद्र में

अपने संबोधन में कौल सिंह ठाकुर ने द्रंग क्षेत्र के युवाओं की राजनीतिक क्षमता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे काबिल नौजवान हैं, जो जनता का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, उन्होंने पूर्व में युवाओं को दिए गए अवसरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पांच साल का मौका मिलने के बावजूद कुछ लोग विकास के मोर्चे पर अपेक्षित काम नहीं कर पाए। उनके इस बयान को द्रंग की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन और युवा बनाम अनुभवी चेहरे की बहस से जोड़कर देखा जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि युवाओं को मौका देने की बात करने वाले कौल सिंह खुद एक बार फिर कार्यकर्ताओं की चुनावी मांग के केंद्र में आ गए हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : युवती और 3 साथियों के साथ होटल में रूका था 26 वर्षीय उमेश, सुबह कमरे में मिली देह

विधायक पूर्ण चंद पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान कौल सिंह ठाकुर ने मौजूदा विधायक पूर्ण चंद पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति कभी उनके साथ रहा, वह आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्तियों का श्रेय लेने की कोशिश कर रहा है। कौल सिंह ने दावा किया कि इन नियुक्तियों में मेरिट को आधार बनाया जाता था और सूची तैयार होने के बाद उसे सीडीपीओ कार्यालय तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित स्तर पर निभाई जाती थी। उनके इस बयान से द्रंग विधानसभा क्षेत्र में पूर्व और मौजूदा नेतृत्व के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की चर्चा फिर तेज हो सकती है।

जवाहर ठाकुर और झूठी कसमें खाने वालों पर भी टिप्पणी

कौल सिंह ने अपने संबोधन में द्रंग की पिछली राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए जवाहर ठाकुर पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी छोड़कर गए जवाहर ठाकुर भी क्षेत्र के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। इसके साथ ही उन्होंने देवी-देवताओं के सामने झूठी कसमें खाने वालों पर भी तंज कसा। उनके इन बयानों को द्रंग विधानसभा क्षेत्र में पुराने राजनीतिक विवादों और प्रतिद्वंद्विता के संदर्भ में देखा जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नया शहर बनाने पर विरोध- 14 पंचायतों के किसान भड़के, बोले- हम जमीन नहीं देंगे

संन्यास की घोषणा से लेकर हाईकमान पर फैसला छोड़ने तक

कौल सिंह ठाकुर की उम्मीदवारी को लेकर चर्चा ऐसे समय में हो रही है, जब कुछ महीने पहले उन्होंने सक्रिय चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी। जुलाई 2026 में हरियाणा के रोहतक स्थित संत रामपाल के आश्रम में उन्होंने कहा था कि अब वह चुनाव नहीं लड़ेंगे और नई पीढ़ी को अवसर मिलना चाहिए। लेकिन इस घोषणा के कुछ ही समय बाद उन्होंने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस हाईकमान उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहता है तो वह इनकार नहीं करेंगे। इस तरह संन्यास की घोषणा के बाद उनका यह यू-टर्न प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया था।

 

यह भी पढ़ें : HRTC बसों में बिना टिकट सफर किया तो मिलेगी सजा- लगेगा तगड़ा जुर्माना, जानें पूरी खबर

कांग्रेस हाईकमान के सामने भी होगी चुनौती

द्रंग से कौल सिंह ठाकुर के नाम पर कार्यकर्ताओं का प्रस्ताव ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस के भीतर आगामी चुनावों के लिए प्रत्याशियों के चयन और नए चेहरों को मौका देने की चर्चा महत्वपूर्ण होती जा रही है। पार्टी के सामने एक तरफ अनुभवी नेताओं के राजनीतिक आधार और संगठन में उनके योगदान को ध्यान में रखने की चुनौती होगी, वहीं दूसरी तरफ युवाओं को अवसर देने की मांग भी नजरअंदाज नहीं की जा सकेगी। ऐसे में द्रंग सीट पर टिकट का फैसला केवल स्थानीय कार्यकर्ताओं की मांग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें पार्टी की व्यापक चुनावी रणनीति भी अहम भूमिका निभाएगी।

 

यह भी पढ़ें : ब्रिटेन से हिमाचल पहुंची बारात- हिंदू रीति से शादी रचाई, पहाड़ी नाटी पर जमकर नाचे विदेशी मेहमान

अब निगाहें 2027 पर, क्या कौल सिंह फिर लड़ेंगे 12वां चुनाव?

कौल सिंह ठाकुर द्रंग विधानसभा क्षेत्र से अब तक कई बार चुनाव लड़ चुके हैं और आठ बार विधायक रहने के साथ चार बार कैबिनेट मंत्री तथा विधानसभा अध्यक्ष जैसे पदों पर भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। आगामी चुनाव में उतरने की स्थिति में यह उनके राजनीतिक जीवन का 12वां चुनाव होगा। फिलहाल उन्होंने खुद अपनी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है और अंतिम निर्णय हाईकमान पर छोड़ा है।

 

ऐसे में जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं की ओर से पारित प्रस्ताव ने द्रंग की राजनीति में नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व अनुभवी कौल सिंह पर फिर भरोसा जताता है या द्रंग में किसी नए चेहरे को आगे लाने का फैसला करता है। इतना जरूर है कि संन्यास की घोषणा, फिर यू-टर्न और अब कार्यकर्ताओं के प्रस्ताव ने कौल सिंह ठाकुर को एक बार फिर 2027 के चुनावी विमर्श के केंद्र में ला खड़ा किया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख