राजनीति

#राजनीति

November 23, 2026

मिशन 2027: नूरपुर-फतेहपुर के भंवर में फंसे राकेश पठानिया, BJP हाईकमान की होगी अग्निपरीक्षा!

फतेहपुर की हार के बाद नूरपुर वापस लौटने की तैयारी में राकेश पठानिया

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

nurpur election

नूरपुर (कांगड़ा): हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को अब लगभग एक साल का समय शेष रह गया है, लेकिन प्रदेश की राजनीति में सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। हालांकि, चुनावी समर से पहले दोनों ही पार्टियों के लिए सबसे बड़ी और कठिन चुनौती 'टिकट आबंटन' की रहने वाली है।

 

ऐसी ही एक बड़ी राजनीतिक परीक्षा भाजपा के सामने कांगड़ा जिला की नूरपुर विधानसभा सीट पर आने वाली है, जहां पूर्व मंत्री राकेश पठानिया और मौजूदा विधायक रणवीर सिंह निक्का की मजबूत दावेदारी पार्टी के लिए सियासी उलझन बन सकती है।

नूरपुर में टिकट की जंग, किसके पक्ष में जाएगा हाईकमान का फैसला?

नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की राजनीति इन दिनों दो प्रमुख चेहरों के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है। एक तरफ तीन बार विधायक रह चुके पूर्व मंत्री राकेश पठानिया हैं, जिनका क्षेत्र में लंबा राजनीतिक अनुभव और अपना समर्थक वर्ग है। दूसरी तरफ मौजूदा विधायक रणवीर सिंह निक्का हैं, जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास करवाया था। ऐसे में भाजपा के सामने सवाल सिर्फ उम्मीदवार चुनने का नहीं, बल्कि नूरपुर में अपने राजनीतिक समीकरण और संगठनात्मक एकजुटता को बनाए रखने का भी होगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : युवती और 3 साथियों के साथ होटल में रूका था 26 वर्षीय उमेश, सुबह कमरे में मिली देह

2017 की जीत के बाद 2022 में बदला सियासी समीकरण

राकेश पठानिया ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में नूरपुर सीट से 6,642 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इसके बाद वह प्रदेश सरकार में मंत्री भी बने और नूरपुर की राजनीति में उनका प्रभाव बना रहा। लेकिन वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अचानक उनका टिकट बदलकर उन्हें फतेहपुर से चुनाव मैदान में उतार दिया। पार्टी ने नूरपुर से रणवीर सिंह निक्का को प्रत्याशी बनाया। निक्का ने इस मौके को अपने पक्ष में भुनाते हुए 18,752 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। इस जीत ने नूरपुर में उनकी राजनीतिक स्थिति को बेहद मजबूत कर दिया। अब आगामी चुनाव में निक्का के सामने अपनी इस जीत को दोहराने की चुनौती होगी, जबकि पठानिया के लिए अपने पुराने राजनीतिक गढ़ में वापसी की राह तलाशना अहम होगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नया शहर बनाने पर विरोध- 14 पंचायतों के किसान भड़के, बोले- हम जमीन नहीं देंगे

पठानिया को अपनी सीट छोड़ने की कीमत हार से चुकानी पड़ी 

राकेश पठानिया के लिए वर्ष 2022 का चुनाव राजनीतिक तौर पर काफी चुनौतीपूर्ण रहा। नूरपुर से टिकट कटने के बाद उन्हें फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना पड़ा। राजनीतिक जानकारों और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार फतेहपुर में उन्हें पार्टी के भीतर अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पाया और कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी उनके लिए परेशानी का कारण बनी। नतीजा यह रहा कि कांग्रेस प्रत्याशी भवानी सिंह पठानिया ने उन्हें चुनाव में पराजित कर दिया। ऐसे में पठानिया के समर्थकों के बीच यह सवाल आज भी चर्चा का विषय है कि यदि उन्हें नूरपुर से ही चुनाव लड़ने का मौका मिलता तो क्या परिणाम कुछ अलग हो सकता था? अब उनकी नूरपुर में बढ़ती सक्रियता को इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : HRTC बसों में बिना टिकट सफर किया तो मिलेगी सजा- लगेगा तगड़ा जुर्माना, जानें पूरी खबर

निक्का की बड़ी जीत बनेगी पठानिया की राह का रोड़ा

नूरपुर में राकेश पठानिया की सक्रियता के बीच रणवीर सिंह निक्का को कमजोर दावेदार मानना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा। निक्का ने पिछले चुनाव में बड़े अंतर से जीत हासिल की है और मौजूदा विधायक होने के नाते उनके पास अपने कार्यकाल और राजनीतिक संपर्कों को आधार बनाकर टिकट की दावेदारी पेश करने का मजबूत पक्ष है। इसके अलावा कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के साथ उनके राजनीतिक समीकरणों को भी स्थानीय राजनीति में अहम माना जा रहा है। ऐसे में यदि पठानिया नूरपुर से टिकट की मांग करते हैं तो भाजपा हाईकमान के सामने मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री के बीच संतुलन बनाने की चुनौती खड़ी हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें : ब्रिटेन से हिमाचल पहुंची बारात- हिंदू रीति से शादी रचाई, पहाड़ी नाटी पर जमकर नाचे विदेशी मेहमान

निर्दलीय चुनाव का विकल्प निक्का की बढ़ाएगा मुश्किलें

नूरपुर की राजनीति में सबसे दिलचस्प स्थिति उस समय पैदा हो सकती है, जब भाजपा टिकट आवंटन में राकेश पठानिया को नजरअंदाज करती है। पठानिया का अपना राजनीतिक जनाधार है और तीन बार विधायक रहने के कारण क्षेत्र में उनकी पहचान भी मजबूत है। ऐसे में यदि वह टिकट नहीं मिलने की स्थिति में निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं तो भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी के सामने कड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। खासकर निक्का के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहेगा, क्योंकि दोनों नेताओं के समर्थक वर्गों में संभावित सेंधमारी चुनावी समीकरण बदल सकती है। 

फतेहपुर भी नहीं है आसान विकल्प

अगर भाजपा हाईकमान राकेश पठानिया को दोबारा फतेहपुर से चुनाव लड़ाने पर विचार करता है तो वहां भी उनके सामने चुनौतियां कम नहीं होंगी। फतेहपुर में पहले से ही कई स्थानीय नेता टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं। जगदेव ठाकुर लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं और रैलियों तथा राजनीतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी ताकत दिखा रहे हैं। वहीं पंकज हैप्पी और ओपी चौधरी भी अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय बताए जा रहे हैं। ऐसे में बाहर से किसी बड़े चेहरे को प्रत्याशी बनाने का फैसला स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी बढ़ा सकता है।

 

यह भी पढ़ें : माइनस तापमान में आस्था की मिसाल! बर्फ से जमी मणिमहेश झील में जम्मू के श्रद्धालुओं ने किया स्नान

कांग्रेस को मिल सकता है फायदा

नूरपुर और फतेहपुर दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के भीतर टिकट को लेकर असमंजस की स्थिति कांग्रेस के लिए राजनीतिक अवसर बन सकती है। चुनाव में जीत केवल मजबूत उम्मीदवार उतारने से नहीं मिलती, बल्कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के समर्पण की भी अहम भूमिका होती है। यदि भाजपा टिकट को लेकर आंतरिक खींचतान नहीं संभाल पाती और किसी दावेदार या उसके समर्थकों में नाराजगी पैदा होती है तो इसका सीधा फायदा विपक्ष को मिल सकता है। फतेहपुर में कांग्रेस पहले ही अपनी जीत का स्वाद चख चुकी है, जबकि नूरपुर में भाजपा को अपनी पिछली बड़ी जीत के समीकरण सुरक्षित रखने होंगे। 

भाजपा के सामने दो सीटों का गणित

राकेश पठानिया का राजनीतिक भविष्य अब केवल इस बात पर निर्भर नहीं करेगा कि उन्हें टिकट मिलता है या नहीं, बल्कि इस पर भी निर्भर करेगा कि पार्टी उन्हें किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ाने का फैसला करती है। नूरपुर में निक्का की मजबूत दावेदारी को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा तो फतेहपुर में स्थानीय नेताओं की नाराजगी को दरकिनार करना भी भाजपा के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। पार्टी हाईकमान को दोनों सीटों पर जीत की संभावना, स्थानीय संगठन की स्थिति और नेताओं के बीच तालमेल को ध्यान में रखकर फैसला लेना होगा।

 

यह भी पढ़ें : डॉ बिंदल ने सराही सड़क की गुणवत्ता: तो बोले मंत्री विक्रमादित्य सिंह, काम ऐसा करो की विरोधी भी करें तारीफ

गेम चेंजर साबित हो सकते हैं राकेश पठानिया

फिलहाल नूरपुर की राजनीति में राकेश पठानिया की सक्रियता ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। वह भाजपा के अनुभवी और कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं तथा उनके अगले राजनीतिक कदम पर सभी की नजरें रहेंगी। यदि वह नूरपुर से मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला दिलचस्प होने के साथ भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है। वहीं फतेहपुर से टिकट मिलने की स्थिति में पार्टी हाईकमान को स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर चलना होगा। ऐसा नहीं होने पर भाजपा को चुनावी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख