#राजनीति
November 28, 2026
कांग्रेस से भाजपा में गए नेताओं को कोर कमेटी में जगह ना मिलने पर बोले विक्रमादित्य सिंह

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सियासत में भाजपा की नई प्रदेश कोर कमेटी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण विभाग का जिम्मा संभाल रहे मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए ‘यूज एंड थ्रो’ यानी इस्तेमाल करो और फिर किनारे कर दो की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने खास तौर पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को निशाने पर लिया और सवाल उठाया कि पार्टी में बड़ी-बड़ी बातें करने वाले इन नेताओं को अब नई कोर कमेटी में जगह क्यों नहीं मिली? विक्रमादित्य ने सांसद हर्ष महाजन सहित कांग्रेस से भाजपा में गए नेताओं को संगठन की नई टीम में उचित स्थान नहीं मिलने पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में कई ऐसे नेता हैं, जिन्होंने पार्टी के लिए अहम भूमिका निभाई, लेकिन अब उन्हें किनारे कर दिया गया है।
भाजपा की नई प्रदेश कोर कमेटी में जगह नहीं मिलने के मुद्दे को उठाते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को भी अब पार्टी की ‘यूज एंड थ्रो’ नीति का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इशारों में सवाल किया कि जो नेता भाजपा में शामिल होने के बाद संगठन में बड़ी भूमिका मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे, वे अब कहां हैं? उनके मुताबिक, भाजपा ने कई नेताओं का इस्तेमाल तो किया, लेकिन जब संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की बारी आई तो उन्हें जगह नहीं दी गई। विक्रमादित्य का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा की नई कोर कमेटी को लेकर पार्टी के भीतर और बाहर चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़ें : अंदरूनी विरोध दरकिनार कर नए जिले बनाने में जुटी सुक्खू सरकार, सीएम ने आयोग को सौंपा बड़ा काम
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि भाजपा में ऐसे कई चेहरे रहे हैं, जिन्होंने अलग-अलग समय पर पार्टी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद नई कोर कमेटी में उन्हें शामिल नहीं किया गया। उन्होंने हर्ष महाजन सहित कांग्रेस से भाजपा में गए नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने के बाद जिन नेताओं को संगठन में बड़ी भूमिका की उम्मीद थी, उन्हें अब अहम फैसले लेने वाली टीम में स्थान नहीं मिला। विक्रमादित्य ने इसे भाजपा की संगठनात्मक राजनीति का उदाहरण बताते हुए पार्टी पर अवसर के हिसाब से नेताओं का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस सरकार और प्रदेश संगठन के बीच कथित मतभेदों को लेकर भाजपा की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सरकार और संगठन के बीच पूरा तालमेल है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। दोनों अपने-अपने स्तर पर पार्टी और सरकार को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : 3.50 लाख नहीं... सुक्खू सरकार अब 2.65 लाख महिलाओं को ही देगी 1500, योजना से बाहर हुई 85 हजार
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और इसमें हर नेता तथा कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है। पार्टी के भीतर किसी मुद्दे पर अलग-अलग राय होना स्वाभाविक है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि संगठन में एकता की कमी है। उन्होंने कहा कि रैलियों, पार्टी कार्यक्रमों और दिल्ली से मिलने वाले संगठनात्मक निर्देशों पर सभी मिलकर काम करते हैं। पार्टी मंच पर विचार रखे जा सकते हैं, लेकिन मंच से बाहर सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता और सिपाही हैं।
राजनीतिक बयानबाजी के बीच विक्रमादित्य सिंह ने कुल्लू जिले को प्रदेश मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की पैरवी भी की। उन्होंने कहा कि मंत्री बनाने का फैसला मुख्यमंत्री और पार्टी हाईकमान के अधिकार क्षेत्र में आता है, लेकिन कुल्लू जैसे महत्वपूर्ण जिले को सरकार में जगह मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि कुल्लू कांग्रेस का मजबूत क्षेत्र रहा है और यहां से पार्टी के दो विधायक चुनकर आए हैं। इसके बावजूद मौजूदा मंत्रिमंडल में जिले का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है।
यह भी पढ़ें : झाड़ियों में मिली लापता सतीश की देह, 24 घंटे से था गायब- सदमे में पूरा परिवार
विक्रमादित्य सिंह ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी कुल्लू जिले को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रयास कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि इस मामले में अभी कोई पेंच फंसा हुआ है। मुख्यमंत्री की ओर से सितारे ठीक नहीं होने की बात कहे जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने चुटकी ली कि अब तो लगता है कि इस पेंच को सुलझाने के लिए तंत्र-मंत्र ही करना पड़ेगा। उनका यह बयान भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन सकता है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण विधेयक को उसके मूल स्वरूप में लागू किया जाना चाहिए। विक्रमादित्य ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की ओर से पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में यह सोच आगे बढ़नी चाहिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बूढ़ी मां ने पति के बाद खोया फौजी बेटा, 3 मासूम बच्चों के सिर से भी उठा पिता का साया
विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस महिला आरक्षण का विरोध नहीं कर रही है। उनकी आपत्ति महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और उत्तर तथा दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक असंतुलन पैदा होने की आशंकाओं को लेकर है। उन्होंने कहा कि परिसीमन के सभी पहलुओं पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। सरकार की ओर से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच 50 प्रतिशत के समान अनुपात को लेकर दिए गए संकेत को उन्होंने सकारात्मक बताया, लेकिन इस विषय पर स्पष्टता जरूरी बताई।
मंत्री ने कहा कि संसद का सत्र शुरू होने से पहले विभिन्न राजनीतिक दल इस मुद्दे पर अपनी राय रखेंगे। कांग्रेस भी INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ बैठक कर इस विषय पर चर्चा करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से संबंधित विधेयक लोकसभा में पेश नहीं किया जाता और सरकार की मंशा लिखित रूप में सामने नहीं आती, तब तक उसके प्रावधानों पर अंतिम टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। विधेयक पेश होने के बाद ही उसकी बारीकियों और संभावित प्रभावों का आकलन किया जा सकेगा।