कांगड़ा। उत्तरी अटलांटिक महासागर में अमेरिकी कोस्ट गार्ड की हिरासत में लिए गए रूसी तेल टैंकर से जुड़े जहाज मैरिनेरा पर फंसे पालमपुर के युवक रक्षित चौहान समेत सभी भारतीय नागरिकों को आखिरकार सुरक्षित रिहा कर दिया गया है।
अमरीकी कोस्ट गार्ड की हिरासत से छूटा रक्षित
करीब बीस दिनों तक चले तनाव, अनिश्चितता और डर के बाद सोमवार रात जब रक्षित की आवाज फोन पर परिजनों तक पहुंची, तो सिद्धपुर (बिंद्रावन) स्थित उनके घर का माहौल भावनाओं से भर गया। लंबे इंतजार के बाद बेटे की सलामती की पुष्टि होते ही परिवार की आंखों से राहत के आंसू छलक पड़े।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के 'नाटक' पर बवाल- कश्मीरी मुस्लिमों को निशाना बनाने का आरोप, गवर्नर तक पहुंचा मामला
सात जनवरी के बाद टूटा था संपर्क
मर्चेंट नेवी में कार्यरत रक्षित चौहान से परिवार की आखिरी बातचीत सात जनवरी को हुई थी। पिता रणजीत सिंह चौहान ने बताया कि उस दौरान बेटे ने जानबूझकर परिवार को चिंता से दूर रखने के लिए कहा था कि वह बर्फीले और नेटवर्क से बाहर वाले समुद्री क्षेत्र में जा रहा है, जहां लंबे समय तक संपर्क संभव नहीं होगा।
परिवार ने इस बात को सामान्य समझकर स्वीकार कर लिया, लेकिन आठ जनवरी को जब यूट्यूब और सोशल मीडिया पर जहाज के अमेरिकी कोस्ट गार्ड द्वारा जब्त किए जाने की खबर सामने आई, तो पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बर्फबारी : कई इलाकों में स्कूल बंद-बिजली गुल, सैकड़ों पर्यटक गाड़ियों में फंसे
हर दिन डर और उम्मीद के बीच बीता
इसके बाद करीब 20 दिन परिवार के लिए बेहद कठिन साबित हुए। हर सुबह किसी नई खबर की उम्मीद और हर रात किसी अनहोनी की आशंका के साथ बीतती रही। हिमाचल से लेकर दिल्ली तक रक्षित की सुरक्षित रिहाई के लिए प्रयास तेज किए गए।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने यह मामला सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संज्ञान में लाया, जिसके बाद विदेश मंत्रालय से सीधे संपर्क स्थापित किया गया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने दिल्ली में 3 केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष उठाए हिमाचल के हक, 200 करोड़ की मिली स्वीकृति
कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा भी लगातार विदेश मंत्रालय और दूतावास के संपर्क में रहे और समय-समय पर परिवार को स्थिति से अवगत कराते रहे। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी रक्षित के घर पहुंचे और परिवार को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस मामले में हरसंभव मदद कर रही है।
बेटे से बात होते ही टूटा डर
रक्षित के पिता रणजीत सिंह चौहान और चाचा नरेंद्र चौहान ने बताया कि बीच-बीच में रिहाई की खबरें जरूर आ रही थीं, लेकिन जब तक बेटे से सीधी बात नहीं हुई, तब तक मन में डर बना रहा। सोमवार रात करीब आठ बजे जैसे ही फोन पर रक्षित की आवाज सुनाई दी, परिवार को असली तसल्ली मिली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पिता का छूटा साथ... मां के संघर्षों को नहीं भूली बेटी, अब अधिकारी बन बढ़ाया मान
रक्षित ने परिजनों को बताया कि अमेरिका ने जहाज और उसमें सवार सभी लोगों को रिहा कर दिया है। उसने यह भी कहा कि हिरासत के दौरान उन्हें भोजन, स्वास्थ्य जांच और अन्य जरूरी सुविधाएं मिलती रहीं और किसी तरह की प्रताड़ना नहीं झेलनी पड़ी। फिलहाल वह पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है।
क्यों जब्त किया गया था जहाज?
जानकारी के अनुसार सात जनवरी को अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने रूसी तेल टैंकर मैरिनेरा (पूर्व नाम बेला-1) को अमेरिकी प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया था। इस जहाज पर कुल 26 लोग सवार थे, जिनमें 17 यूक्रेनी, छह जॉर्जियाई और तीन भारतीय नागरिक शामिल थे। अमेरिका ने इस टैंकर को वेनेजुएला की कथित ‘शैडो फ्लीट’ से जुड़ा संदिग्ध जहाज मानते हुए कार्रवाई की थी।
यह भी पढ़ें : शिमला में रहने वाला कश्मीरी बोला- कश्मीर पाकिस्तान का है, "हिन्दुस्तान जिंदाबाद" नहीं बोलूंगा
गांव में खुशी का माहौल
रक्षित की सुरक्षित रिहाई की खबर फैलते ही पालमपुर और सिद्धपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। रिश्तेदार, पड़ोसी और शुभचिंतक परिवार को बधाइयां देने पहुंचने लगे। लंबे समय बाद परिवार के चेहरों पर सुकून साफ नजर आया।
