शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस विंटर सीजन में बारिश और बर्फबारी ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। सामान्य से काफी कम वर्षा के कारण जहां मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है, वहीं इसका असर कृषि, बागवानी और जलस्रोतों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
सामान्य से 30 प्रतिशत कम रही बारिश
मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी से 18 फरवरी के बीच प्रदेश में सामान्य तौर पर 145.3 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार केवल 101.9 मिलीमीटर वर्षा ही रिकॉर्ड की गई है। यानी इस विंटर सीजन में लगभग 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। IMD ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के कोई आसार नहीं जताए हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में शुरू हुआ जुकारू उत्सव - 15 दिनों तक राजा बलि की होगी पूजा, जानें क्या है मान्यता
22 फरवरी तक साफ मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज से 22 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। धूप खिलने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, साफ मौसम के बावजूद बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: 8 बार नशे के साथ पकड़ा गया तस्कर, फिर भी नहीं सुधरा- इस बार मिली ऐसी सजा
कई शहरों में तापमान में तेज गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान सोलन में सबसे ज्यादा 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में तापमान 6.2 डिग्री की गिरावट के बाद 19.3 डिग्री, शिमला में 5.1 डिग्री की कमी के साथ 13.1 डिग्री, मनाली में 3.6 डिग्री गिरकर 12.4 डिग्री और मंडी में अधिकतम तापमान 3.9 डिग्री की गिरावट के बाद 19.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बीच शिमला के मशहूर पर्यटन स्थल महासू पीक में पर्यटकों की आवाजाही देखी गई।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में स्नोफॉल- 4 जिलों में IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें मौसम की पूरी अपडेट
कम बारिश से किसान-बागवान चिंतित
विंटर सीजन में पर्याप्त बारिश और बर्फबारी न होने से प्रदेश के किसान और बागवान चिंतित हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर आने वाले समय में जलस्रोतों, खेती और बागवानी पर पड़ सकता है। खासकर सेब उत्पादक क्षेत्रों में पर्याप्त बर्फबारी न होना चिंता का विषय है, क्योंकि ठंड और बर्फ से फसलों को प्राकृतिक नमी मिलती है।
23 फरवरी को ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना
हालांकि मौसम विभाग ने 23 फरवरी को एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने का संकेत दिया है। इसके असर से ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। फिलहाल प्रदेशवासियों को कुछ दिन और साफ व शुष्क मौसम का सामना करना पड़ेगा।
