#विविध
November 17, 2026
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव लाएगी सुक्खू सरकार

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन में हिमकेयर योजना को लेकर सियासी घमासान उस समय और तेज हो गया, जब दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विपक्ष के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। हिमकेयर योजना में कथित गड़बड़ियों को लेकर भाजपा लगातार सरकार को घेर रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने सदन में ऐसा खुलासा किया, जिसने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को चर्चा के केंद्र में ला दिया।
सीएम सुक्खू ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में शुरू हुई हिमकेयर योजना की जांच के दौरान न केवल पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन से जुड़े मामले सामने आए हैं, बल्कि एक महिला के टेस्टिकल यानी अंडकोष के ऑपरेशन का रिकॉर्ड भी मिला है। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सदन में विपक्षी सदस्यों ने इन दावों के समर्थन में तथ्य पेश करने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने इसी दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव लाने की भी बात कह दी।
यह भी पढ़ें : 'जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियां बंद करो' BJP का बैनर लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन; सुक्खू सरकार को घेरा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने काम रोको प्रस्ताव पर चल रही चर्चा के बीच हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विपक्ष लगातार हिमकेयर योजना को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है, जबकि सरकार इस योजना में सामने आई अनियमितताओं की जांच करवा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान ऐसे मेडिकल क्लेम और ऑपरेशन के रिकॉर्ड सामने आए हैं, जिन पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। सीएम ने सदन में पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन के मामलों का जिक्र करने के बाद एक महिला के टेस्टिकल के ऑपरेशन का भी दावा किया। मुख्यमंत्री के इस बयान ने सदन में हलचल पैदा कर दी। हालांकि इन मामलों के वास्तविक विवरण और मेडिकल रिकॉर्ड की पुष्टि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : 'हिमाचल ऑन सेल' पर सदन में हंगामा: जयराम ठाकुर और मुकेश अग्निहोत्री में जमकर हुई तकरार
मुख्यमंत्री के इस खुलासे के बाद भाजपा विधायकों ने सरकार से संबंधित मामलों के दस्तावेज सदन में रखने की मांग की। विपक्षी सदस्यों का कहना था कि इतने गंभीर और असामान्य दावों को केवल बयान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इनके समर्थन में रिकॉर्ड और तथ्य भी सार्वजनिक किए जाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने जवाब में कहा कि सरकार हिमकेयर योजना की जांच करवा रही है और जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सामने लाई जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि योजना के तहत हुए उपचार और भुगतान के रिकॉर्ड की पड़ताल में कई गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से लौट रहे पंजाबी श्रद्धालुओं की पिकअप टिप्पर से टकराई, तीन की मौके पर मौ**त
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव लाने की बात कहकर राजनीतिक बहस को एक नया मोड़ दे दिया। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कार्रवाई कर रही है। सीएम ने आरोप लगाया कि विजिलेंस से जुड़े एक मामले में भाजपा के करीब डेढ़ दर्जन विधायक अपने एक साथी को बचाने के लिए विजिलेंस कार्यालय पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में किसी तरह का समझौता नहीं करेगी।
प्रदेश की जमीन और सरकारी संपत्तियों को लेकर भाजपा के 'हिमाचल ऑन सेल' अभियान पर भी मुख्यमंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हिमाचल फॉर सेल के बजाय 'हिमाचल फॉर अवेल' का नारा देना चाहिए। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने किशाऊ परियोजना, बीबीएमबी और जेएसडब्ल्यू सहित कई मामलों में हिमाचल प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बिना तथ्यों के सरकार पर आरोप लगा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश के हितों से जुड़े मामलों में सरकार ने अपने अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 100 साल के बुजुर्ग ने लौटाए सरकारी पैसे, बोले- मुझे जरूरत नहीं, गरीबों में बांट दो
मुख्यमंत्री ने मेडिकल डिवाइस पार्क की जमीन को लेकर उठ रहे सवालों पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि जब हिमाचल की जमीन नाममात्र की कीमत पर देने की बात हो रही थी, तब वास्तव में प्रदेश के हितों पर सवाल उठने चाहिए थे। हिम चंडीगढ़ सिटी को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने कोई जमीन नहीं बेची है। उनके अनुसार, इस परियोजना के लिए करीब 8,000 बीघा जमीन आवास विभाग के नाम की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन और निवेश से जुड़े मामलों में आरोप लगाने से पहले विपक्ष को पूरे तथ्य सामने रखने चाहिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश की औद्योगिक व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द नई उद्योग नीति लाने की तैयारी कर रही है। इस नीति का मसौदा इस तरह तैयार किया जाएगा, जिससे प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ सरकार को जीएसटी और अन्य माध्यमों से अधिक राजस्व प्राप्त हो सके। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि नई नीति में निवेश और प्रदेश के आर्थिक हितों के बीच संतुलन बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।