#विविध
November 15, 2026
भोटा पहुंची अक्षय की पार्थिव देह

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के वीर जवान अक्षय कुमार को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। 26 वर्षीय अक्षय कुमार की पार्थिव देह उत्तराखंड से भोटा पहुंच चुकी है। वीर जवान के अंतिम दर्शन करने के लिए सैकड़ों लोग भोटा पहुंचे हैं। पूरे क्षेत्र में वीर जवान अमर रहें के नारों की गूंज है।
आपको बता दें कि अक्षय कुमार की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जवान बेटे के निधन की खबर मिलने के बाद से माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं हैं।
यह भी पढ़ें : कल से शुरू होगा हिमाचल विस का विंटर सेशन : सवालों के साथ विपक्ष तैयार, आज दिल्ली जा रहे CM...
सबसे दुखद बात यह है कि अक्षय कुमार की शादी आगामी 3 दिसंबर को होनी तय थी और घर में विवाह समारोह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार बेटे के सिर पर सेहरा सजाने के सपने देख रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद समाचार आ गया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार अक्षय कुमार इन दिनों उत्तराखंड के जोशीमठ में तैनात थे। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होना अभी बाकी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अनोखा विवाह : चार भाइयों ने एक साथ की शादी, दुल्हनें देखने उमड़ी भीड़
अक्षय कुमार की शादी की तारीख 3 दिसंबर तय होने के कारण घर में काफी समय से तैयारियां चल रही थीं। परिवार के सदस्य विवाह समारोह को यादगार बनाने में जुटे हुए थे। रिश्तेदारों और परिचितों को शादी में शामिल होने के लिए बुलाने की तैयारी की जा रही थी। घर में बेटे की शादी को लेकर उत्साह और खुशियों का माहौल था।
अब शादी से महज 20 दिन पहले जवान की मौत की खबर ने परिवार को ऐसा सदमा दिया, जिससे उबर पाना आसान नहीं है। जिस घर में कुछ दिनों बाद विवाह के गीत गूंजने थे, वहां अब अपनों को खोने का दर्द और मातम छाया हुआ है। माता-पिता ने जिस बेटे को दूल्हे के रूप में देखने के सपने संजोए थे, अब उन्हें उसी बेटे को हमेशा के लिए अलविदा कहना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : देर रात HRTC बस से नशा सप्लाई करने निकली मोनिका, पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे संग धरी- साथी भी गिरफ्तार
अक्षय कुमार ने 16 दिसंबर, 2020 को भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का रास्ता चुना था। महज 26 वर्ष की उम्र में उन्होंने सेना में अपनी सेवाएं देते हुए परिवार और गांव का नाम रोशन किया। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता राज कुमार कारोबारी हैं, जबकि माता सरोज कुमारी गृहिणी हैं।
इकलौते बेटे के निधन से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटे को उन्होंने बड़े लाड़-प्यार से पाला और जिसका भविष्य संवारने के सपने देखे- उसके अचानक चले जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। बेटे की शादी की तैयारियों के बीच इस तरह की खबर आने से परिजनों को गहरा आघात पहुंचा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज बदलेगा मौसम, कई जगह बारिश-बर्फबारी का अलर्ट- जानें अपडेट
जवान की मौत की सूचना मिलने के बाद रुठानी गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के लिए भी इस दुखद घटना पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है। हर कोई जवान के परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि अक्षय की शादी को लेकर परिवार में काफी उत्साह था। मगर किसी ने भी नहीं सोचा था कि खुशियों का यह माहौल इतनी जल्दी मातम में बदल जाएगा।
अक्षय कुमार के निधन से परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया है। वहीं, गांव ने भी एक युवा और देश की सेवा में जुटे जवान को खो दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। परिवार और ग्रामीण अब जवान की पार्थिव देह के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, जहां उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी जाएगी।