#विविध
November 15, 2026
तिरंगे में लिपटे बेटे को देख फूट फूट कर रोए माता पिता, भारी संख्या में पहुंचे थे लोग

भोटा (हमीरपुर): हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के लिए आज का दिन बेहद पीड़ादायक और कभी न भूलने वाला रहा। प्रदेश ने अपना एक वीर सपूत खो दिया, तो वहीं एक परिवार की दुनिया उजड़ गई। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की खुशियां दस्तक देने वाली थीं, जहां इकलौते बेटे को दूल्हा बनाने की तैयारियां चल रही थीं और महज 16 दिन बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, उसी घर के आंगन में रविवार को बेटे की तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह पहुंची। भोटा के रथवाणी गांव के जवान अक्षय कुमार की इस तरह असमय विदाई ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया।
रविवार सुबह करीब 10 बजे जब उत्तराखंड के जोशीमठ से 6 डोगरा रेजिमेंट के जवान अक्षय कुमार की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव रथवाणी पहुंची, तो वहां का माहौल गमगीन हो गया। जिस बेटे के स्वागत के लिए परिवार ने खुशियों के सपने संजोए थे, आज उसी की पार्थिव देह को देखकर हर कोई अपने आंसू नहीं रोक पाया। तिरंगे में लिपटे बेटे को देखते ही माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इकलौती संतान को खोने का दर्द उनके विलाप में साफ झलक रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कुछ देर में होगा फौजी अक्षय का अंतिम संस्कार, घर पहुंची पार्थिव देह- मां बेसुध
सबसे हृदयविदारक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब मां ने अपने लाडले की पार्थिव देह को देखा। बेटे को दूल्हे के रूप में देखने का सपना संजोए बैठी मां खुद को संभाल नहीं पाई। वह बार-बार बेटे की देह से लिपटकर फूट-फूटकर रोती रही और कई बार बेसुध हो गई। पिता राज कुमार की आंखों में भी इकलौते बेटे को खोने का असहनीय दर्द साफ दिखाई दे रहा था। परिवार के इस दुख में शामिल हर व्यक्ति की आंखें नम थीं। वहां मौजूद लोगों के लिए उस दृश्य को देख पाना भी बेहद मुश्किल हो रहा था।
अक्षय कुमार के निधन का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि परिवार में उनकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। पिछले महीने ही उनकी मंगनी की रस्म पूरी हुई थी और आगामी 5 दिसंबर को विवाह की तारीख तय की गई थी। घर में बेटे की शादी को लेकर उत्साह था। माता-पिता अपने इकलौते बेटे को दूल्हे के रूप में देखने के लिए बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रहे थे। लेकिन नियति ने ऐसा क्रूर प्रहार किया कि जिस आंगन में कुछ दिनों बाद विवाह के मंगलगीत गूंजने थे, वहां आज बेटे की अंतिम विदाई के समय चीख-पुकार सुनाई दी। परिवार के सपने और खुशियां पल भर में मातम में बदल गए।
यह भी पढ़ें : कल से शुरू होगा हिमाचल विस का विंटर सेशन : सवालों के साथ विपक्ष तैयार, आज दिल्ली जा रहे CM...
अक्षय कुमार 16 दिसंबर 2020 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वह 6 डोगरा रेजिमेंट में सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में उत्तराखंड के जोशीमठ में तैनात थे। करीब छह साल से वह देश की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित थे। उनके पिता राज कुमार कारोबारी हैं, जबकि माता सरोज कुमारी गृहिणी हैं। अक्षय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। बेटे के असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अक्षय कुमार का बीते 13 नवंबर को जोशीमठ में आकस्मिक निधन हो गया था। शुरुआती जानकारी में हृदय गति रुकने की आशंका जताई गई है। हालांकि, निधन के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। जवान की पार्थिव देह रविवार सुबह उनके पैतृक गांव पहुंचाई गई, जिसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अनोखा विवाह : चार भाइयों ने एक साथ की शादी, दुल्हनें देखने उमड़ी भीड़
अक्षय कुमार को अंतिम विदाई देने के लिए सुबह से ही उनके घर और गांव में लोगों का तांता लगा रहा। ग्रामीणों, क्षेत्रवासियों, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन करने पहुंचे। अंत्येष्टि स्थल पर मेजर सर्वेश और कैप्टन शिवा के नेतृत्व में सेना की टुकड़ी ने सैन्य परंपरा के अनुसार जवान को अंतिम सलामी दी। हवाई फायर के साथ देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले जवान को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। तिरंगे में लिपटे अक्षय को विदा करते समय वहां मौजूद लोगों की आंखें नम थीं।
इस दुखद घड़ी में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, अध्यक्ष रामचंद पठानिया, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक अनिल कुमार और डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से तहसीलदार डॉ. अशनी, नायब तहसीलदार रवि कुमार, डीएसपी हरीश गुलेरिया और एसएचओ अजैब सिंह ने भी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में पहुंचे पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज बदलेगा मौसम, कई जगह बारिश-बर्फबारी का अलर्ट- जानें अपडेट
अक्षय कुमार के निधन से रथवाणी गांव ही नहीं, बल्कि पूरे भोरंज क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ओर देश ने अपना जवान खोया है, तो दूसरी ओर माता-पिता ने अपनी इकलौती संतान को हमेशा के लिए खो दिया। जिस घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब उसकी यादें और उसकी तस्वीरें ही रह गई हैं। रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अक्षय कुमार पंचतत्व में विलीन हो गए, लेकिन उनके परिवार के लिए यह बिछोह ऐसा दर्द छोड़ गया है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।