#विविध
November 16, 2026
भैया दूज पर भाई को लगाया था तिलक, मांगी थी लंबी उम्र

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां भाई-बहन के प्यार और उनके गहरे रिश्ते की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है। भाई की मौत का सदमा बहन इस कदर सहन नहीं कर पाई कि कुछ ही घंटों बाद उसकी भी हार्ट अटैक से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला सिरमौर जिले के भारापुर गांव का है। गांव के रहने वाले 70 वर्षीय दिलीप सिंह की भैया दूज के तीसरे दिन एक शादी समारोह में अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिलीप सिंह पूर्व बीडीसी सदस्य टेकचंद कश्यप के पिता थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
यह भी पढ़ें : बड़ी खबर हिमाचल में पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर गहरी खाई में गिरी, चीख पुकार से दहला क्षेत्र
भाई की मौत की खबर सुनते ही उनकी 53 वर्षीय बहन कमलेश देवी अपने मायके भारापुर पहुंचीं। यहां जैसे ही उन्होंने भाई का शव देखा, वह खुद को संभाल नहीं पाईं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनके सीने में तेज दर्द उठा और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन बिना देर किए उन्हें स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने कमलेश देवी को भी मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, कमलेश देवी के दिल में पहले भी स्टेंट डाला गया था। कुछ ही घंटों के अंतराल में भाई-बहन की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
दिलीप सिंह और कमलेश देवी के बीच काफी गहरा लगाव था। दोनों भाई-बहन एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे। बताया जा रहा है कि कमलेश देवी महज तीन दिन पहले ही भैया दूज मनाने के लिए अपने मायके आई थीं। इस दौरान उन्होंने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र की कामना की थी। परिवार में उस समय किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद दोनों भाई-बहन इस दुनिया को अलविदा कह देंगे। जिस भाई की लंबी उम्र के लिए बहन ने दुआ मांगी थी, उसी की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा को झटका: इस वरिष्ठ नेता का हुआ निधन; जयराम ठाकुर ने घर जाकर जताया शोक
इस दुखद घटना के बाद भारापुर गांव में भी शोक की लहर है। दिलीप सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार, 14 नवंबर की शाम को किया गया, जबकि उनकी बहन कमलेश देवी का अंतिम संस्कार रविवार, 15 नवंबर को दोपहर के समय हुआ। दोनों भाई-बहन को गांव के एक ही श्मशान घाट में अंतिम विदाई दी गई। ग्राम पंचायत भारापुर के प्रधान मलकीत चौधरी ने भी इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भाई की मौत के सदमे के बाद बहन की भी जान चली गई। इस घटना से पूरा गांव गमगीन है।