#विविध
November 15, 2026
कांगड़ा के मुकेश ने मेलबर्न की हेन्ना से हिंदू रीति.रिवाजों से रचाया विवाह

कांगड़ा। कहते हैं कि प्यार न सरहदें देखता है और न ही दूरियों का हिसाब लगाता है। जब दो लोग एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी चुन लेते हैं, तो हजारों किलोमीटर की दूरी भी उनके रिश्ते के आड़े नहीं आती। ऐसा ही खूबसूरत उदाहरण हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक युवक ने पेश किया है।
राजा का तालाब निवासी मुकेश कुमार का दिल ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न की रहने वाली हेन्ना पर आया और देखते ही देखते दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया और परिवारों की सहमति से विवाह के बंधन में बंध गए। पहले ऑस्ट्रेलिया में शादी हुई और अब बीते शनिवार को हिमाचल की धरती पर हिंदू रीति-रिवाजों और पारंपरिक रस्मों के साथ इस रिश्ते को पारिवारिक और सांस्कृतिक रंग दिया गया।
मुकेश और हेन्ना की प्रेम कहानी की शुरुआत सात समंदर पार ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर में हुई थी। करीब तीन साल पहले दोनों की मुलाकात एक कंपनी में काम के दौरान हुई। उस समय मुकेश वहां डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, जबकि हेन्ना भी उसी कंपनी में काम करती थीं। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत और दोस्ती हुई, लेकिन समय के साथ यह दोस्ती गहरे रिश्ते में बदल गई। एक-दूसरे को समझने और साथ समय बिताने के बाद दोनों ने जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेहरा बांधने से 16 दिन पहले उठी फौजी की अर्थी, सैन्य सम्मान से विदा किया जवान अक्षय
मुकेश और हेन्ना ने अपने रिश्ते के बारे में परिवारों को बताया तो दोनों ओर से सहमति मिली। इसके बाद वर्ष 2025 में ऑस्ट्रेलिया में रिंग सेरेमनी आयोजित की गई। रिश्ते को परिवारों की मंजूरी मिलने के बाद जुलाई 2026 में मेलबर्न में हेन्ना के माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों की मौजूदगी में दोनों की शादी संपन्न हुई। इस तरह दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों से जुड़े परिवार एक खूबसूरत रिश्ते में बंध गए।
मुकेश के पिता सुभाष शर्मा और माता सुनीता शर्मा किसी कारणवश ऑस्ट्रेलिया में आयोजित विवाह समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे। ऐसे में जब मुकेश छुट्टी लेकर अपनी जीवनसंगिनी हेन्ना के साथ पैतृक गांव राजा का तालाब पहुंचा, तो परिवार ने हिमाचली और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की पारंपरिक रस्में निभाने का निर्णय लिया। बीते शनिवार को घर पर प्रीति भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान परिवार की परंपरा के अनुसार गोत्र में बांधने की रस्म भी पूरी की गई। इसके बाद रविवार को रिसेप्शन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कुछ देर में होगा फौजी अक्षय का अंतिम संस्कार, घर पहुंची पार्थिव देह- मां बेसुध
इस समारोह की खास बात यह रही कि ऑस्ट्रेलिया से आई हेन्ना ने हिमाचली संस्कृति, पारंपरिक पहनावे, रीति-रिवाजों और शादी की रौनक का खूब आनंद लिया। हेन्ना की बहन और बहनोई भी इस खुशी में शामिल होने के लिए मेलबर्न से राजा का तालाब पहुंचे। हिमाचल की पारिवारिक परंपराओं और विवाह समारोह के रंग देखकर वे भी काफी उत्साहित नजर आए। परिवार के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ विदेशी मेहमानों का स्वागत किया और उन्हें स्थानीय परंपराओं से रूबरू करवाया।
रिसेप्शन समारोह में शादी की खुशियां देखते ही बन रही थीं। डीजे की धुन बजते ही मुकेश और हेन्ना भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। दोनों ने जमकर डांस किया और समारोह में मौजूद मेहमानों के साथ इस खास पल को यादगार बनाया। रिश्तेदारों और दोस्तों ने नवविवाहित जोड़े को उपहार भेंट किए और आशीर्वाद दिया। परिवार ने दोनों को अपनी कुलदेवी के मंदिर में ले जाकर भी आशीर्वाद दिलवाया।
यह भी पढ़ें : कल से शुरू होगा हिमाचल विस का विंटर सेशन : सवालों के साथ विपक्ष तैयार, आज दिल्ली जा रहे CM...
मुकेश के पिता सुभाष शर्मा सेवानिवृत्त सैनिक हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा करीब 14 साल पहले ऑस्ट्रेलिया गया था और वहीं काम कर रहा है। हेन्ना के पिता मेलबर्न में अपना व्यवसाय करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। दोनों परिवारों के बीच आपसी समझ, सहमति और प्रेमपूर्ण व्यवहार से यह रिश्ता विवाह तक पहुंचा। अब ऑस्ट्रेलिया में शादी के बाद राजा का तालाब में पारंपरिक रस्में पूरी होने से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अनोखा विवाह : चार भाइयों ने एक साथ की शादी, दुल्हनें देखने उमड़ी भीड़
मुकेश और हेन्ना की यह कहानी सिर्फ दो लोगों के विवाह तक सीमित नहीं है, बल्कि दो देशों, दो परिवारों और अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों के खूबसूरत मेल की मिसाल भी है। मेलबर्न में शुरू हुआ रिश्ता अब हिमाचल के राजा का तालाब तक पहुंच चुका है। एक ओर ऑस्ट्रेलिया की बहू ने हिमाचली परंपराओं को करीब से जाना, तो दूसरी ओर परिवार को अपनी खुशियों में एक नई संस्कृति का रंग देखने को मिला। सच ही है, जब रिश्ते दिल से जुड़ते हैं तो सरहदें और दूरियां मायने नहीं रखतीं।