शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर कल से बदलने वाला है। मौसम विभाग शिमला के अनुसार, कल यानी सोमवार से राज्य के दो जिलों- कांगड़ा और चंबा में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति, कुल्लू और मंडी के लिए मध्यम बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है।
तूफान की भी संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कल से कांगड़ा और चंबा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी, बिजली चमकने के साथ तूफान की संभावना जताई है। 4 मार्च 2025 को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड- अब इन महीनों में पड़ेगी प्रचंड गर्मी, हीटवेव छुड़ाएगी पसीने
05 से 07 मार्च को राज्य में शुष्क मौसम की संभावना है। आज न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में आज अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद अगले 2-3 दिनों तक 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
तूफान, कोहरा और बारिश जारी
कल से मैदानी क्षेत्रों, निचले पहाड़ी क्षेत्रों और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर ठंडा दिन रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में हिमाचल में अलग-अलग स्थानों पर हल्की तो कहीं कहीं भारी बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल भाजपा में मची उथलपुथल, बागी रमेश धवाला ने बना ली नई पार्टी, "असली बीजेपी"
सुंदरनगर में घना कोहरा और मंडी में हल्का कोहरा छाया रहा। पालमपुर, सुंदरनगर, कांगड़ा, शिमला, जोत और भुंतर में बिजली के साथ तूफान देखा गया। ताबो, बिलासपुर और बरठीं में तेज हवाएं चलीं।
किसान-बागवान खुश
मौसम के इस रुख के बाद बागवान और किसान खुश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि दो दिन की बारिश-बर्फबारी से फसलों को संजीवनी मिली है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से बागवान उत्साहित हैं।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में बर्फ का पहाड़ टूटने से हिमाचल के 7 मजदूर फंसे, नाम आए सामने
बर्फबारी से जहां सेब के चिलिंग ऑवर पूरे होने की उम्मीद जगी है, वहीं गुठलीदार फलों के लिए भी बारिश-बर्फबारी लाभदायक बताई जा रही है। जानकारों ने मैदानी इलाकों में हुई बारिश को गेहूं की फसल के लिए भी लाभप्रद बताया है। मटर सहित अन्य सब्जियों को भी बारिश से फायदा मिलेगा।
