हमीरपुर। अमेरिकी सैन्य हमले में जान गंवाने वाले हिमाचल प्रदेश के युवा नाविक आदित्य शर्मा के परिवार से मिलने सोमवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर उनके पैतृक गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें भरोसा दिलाया कि आदित्य की मौत के मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए बेहद दुखद घटना है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई हो।
शिपिंग कंपनी की गलती हुई तो सजा दिलाएंगे
परिजनों से बातचीत के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच में किसी शिपिंग कंपनी की लापरवाही या गलती सामने आती है तो उसे कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर जिम्मेदारी तय होने पर दोषियों को जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले को केवल स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गंभीरता से उठाया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पति की आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया! घर लौटते नाले में गिरी कार; पत्नी की मौ*त
जरूरत पड़ी तो संयुक्त राष्ट्र तक पहुंचाएंगे मुद्दा
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि जांच में यह सामने आता है कि इस दुखद घटना के पीछे अमेरिका या किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय पक्ष की भूमिका है, तो इस मामले को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक ले जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के समक्ष भी उठाया जाएगा, ताकि आदित्य और अन्य भारतीय नाविकों को न्याय मिल सके।
परिवार को दिया अपना निजी मोबाइल नंबर
मुलाकात के दौरान अनुराग ठाकुर ने आदित्य के पिता से विस्तार से बातचीत की और परिवार की समस्याओं को सुना। उन्होंने अपना निजी मोबाइल नंबर भी साझा किया और कहा कि भविष्य में किसी भी जरूरत या समस्या के लिए परिवार सीधे उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हर स्तर पर उनका साथ दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: इस BDC में भाजपा से हो गया खेला, पूर्ण बहुमत के बाद भी उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा
लगातार अधिकारियों के संपर्क में रहे अनुराग ठाकुर
बता दें कि घटना सामने आने के बाद से ही अनुराग ठाकुर लगातार विदेश मंत्रालय, नौवहन मंत्रालय, भारतीय दूतावास मस्कट, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के संपर्क में रहे। उनका प्रयास रहा कि दिवंगत आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जाए और परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल
23 वर्षीय आदित्य शर्मा की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार अभी भी इस गहरे सदमे से उबर नहीं पाया है। गांव में लोगों का तांता लगातार परिवार के घर पहुंच रहा है और सभी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : नई बाइक बनी काल, घर से कुछ ही दूरी पर ट्रक से टकराई, 22 वर्षीय युवक की मौ.त
न्याय की उम्मीद के साथ आगे बढ़ेगा परिवार
अनुराग ठाकुर की मुलाकात के बाद परिवार को यह उम्मीद जरूर जगी है कि मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। अब सभी की निगाहें जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस दुखद घटना के लिए जिम्मेदार कौन था और उसे कब तक न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
