कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे की बढ़ती लत अब सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने लगी है। नशे की चपेट में आए कुछ युवा अपराध और हिंसा की ओर बढ़ते जा रहे हैं, जिससे गांवों में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। ऐसा ही एक गंभीर मामला जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी की ग्राम पंचायत चौंग से सामने आया है।

नशेड़ी भाई करते हैं परेशान

गांव की महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर मजबूर होकर प्रशासन तक पहुंचीं। महिलाएं गांव में रहने वाले दो सगे भाइयों से तंग आ गई हैं- जो नशे की हालत में आए दिन उन्हें परेशान करते हैं।

यह भी पढ़ें : आपदा में मां-बाप खो चुकी मासूम निकिता को सुक्खू सरकार ने दी बड़ी राहत- 21 लाख की FD सौंपी

महिलाओं से करते हैं गंदी हरकतें

महिलाओं का कहना है कि गांव के दो सगे भाई लंबे समय से चिट्टे का सेवन कर रहे हैं। नशे की हालत में वे न सिर्फ ग्रामीणों के साथ मारपीट करते हैं, बल्कि महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी करते हैं।

घर से निकलना भी बना चुनौती

उनकी हरकतों से गांव की शांति भंग हो चुकी है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं ने बताया कि इन युवकों की वजह से अब रोजमर्रा का जीवन कठिन हो गया है। खेतों, रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर निकलते समय डर बना रहता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ढलान में फिसली बस, खाए पांच पलटे- फ्रंट सीट पर बैठी सवारी ने बताया आंखों देखा मंजर

युवक अश्लील टिप्पणियां करते हैं

कई बार महिलाओं को अकेले देखकर ये युवक अश्लील टिप्पणियां करते हैं या डराने-धमकाने लगते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नशे के कारण दोनों युवकों का व्यवहार पूरी तरह हिंसक हो चुका है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि दोनों युवकों को पंचायत क्षेत्र से बाहर किया जाए, ताकि गांव में सामान्य माहौल लौट सके और महिलाएं बिना भय के जीवन जी सकें।

 

हथियार दिखाकर फैलाते हैं डर

इस पूरे मामले को लेकर ग्राम पंचायत चौंग की प्रधान विमला देवी ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दोनों युवक नशे की हालत में कई बार हथियार लेकर गांव में घूमते हैं और लोगों को डराते हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस कस्टडी से 17 वर्षीय नशा तस्कर फरार- नाकाबंदी के बाद दबोचा, 2 कर्मी सस्पेंड

गांववाले भी हरकतों से परेशान

प्रधान के अनुसार लंबे समय से गांव के लोग इन युवकों की हरकतों से परेशान हैं। कभी झगड़ा, कभी धमकी और कभी महिलाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार-इन सबने गांव की शांति छीन ली है।

आंगनवाड़ी कर्मी भी नहीं सुरक्षित

इस मामले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दीपा ने भी अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि वह एक गर्भवती महिला से संबंधित काम के लिए गांव जा रही थीं। उसी दौरान एक युवक नशे की हालत में उनके सामने आ गया और उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के 12वीं पास युवाओं को विदेश में मिलेगी नौकरी : आवेदन करने को बचे महज 2 दिन, जल्द करें

पुलिस थाने में शिकायत दर्ज

उस समय दीपा के साथ उनकी छोटी बेटी भी थी, जो इस घटना से बुरी तरह सहम गई। इस घटना के बाद दीपा ने जरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। उनका कहना है कि यदि सरकारी कार्य से गांव जाने वाली महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं, तो स्थिति की गंभीरता को समझा जा सकता है।

गांव की महिलाएं एकजुट

ग्रामीण महिला चौबी देवी ने बताया कि इन दोनों युवकों की वजह से पूरा गांव मानसिक तनाव में है। आए दिन झगड़े, धमकियां और अभद्र व्यवहार आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अकेली बाहर निकलने से डरती हैं। बच्चों को भी सतर्क रहने को कहा जाता है। अब गांव की सहनशक्ति जवाब दे चुकी है, इसलिए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ड्राइवर ने की थी बस संभालने की कोशिश, खुद भी नहीं बच पाया- पैरापिट होते तो शायद...

प्रशासन ने लिया संज्ञान

SDM कुल्लू ने महिलाओं की शिकायत को गंभीर बताते हुए कहा कि इस मामले में पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि कानून के दायरे में रहकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि गांव में कानून-व्यवस्था बनी रहे और महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें