#अपराध
November 24, 2026
रात के समय गश्त कर रही थी STF की टीम

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में STF कांगड़ा की टीम ने चरस की खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से ढेर सारी चरस बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के तीसा से सामने आया है। यहां बीती रात करीब 12 बजे STF की टीम चनवास से तीसा होते हुए चंबा की तरफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों और लोगों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान टीम को सड़क पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोक लिया और पूछताछ शुरू की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : खेत में काम करते युवक के साथ हो गई अनहोनी, 30 साल थी उम्र; सदमे में परिवार
पुलिस ने युवक के पिट्ठू बैग की तलाशी ली तो उसके अंदर से 819 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद टीम ने चरस को कब्जे में लेकर युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राकेश निवासी गांव बाड़ा, डाकघर जुंगरा, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। एसटीएफ पुलिस थाना कांगड़ा में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने की तैयारी में था। इसके अलावा नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गूगल मैप का भरोसा पड़ा भारी, संकरे रास्ते पर फंसा ट्रक; स्वां नदी में लटका
उन्होंने कहा कि STF कांगड़ा की टीम का नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।