राजनीति

#अपराध

November 29, 2026

हिमाचल: पुराने नोटों से 95 लाख कमाने चला था युवक, उल्टा 5.23 लाख गंवा बैठा; शातिर ने ऐसे ठगा

शातिर ने पुराने नोटों के बदले 95 लाख देने का लालच देकर ठगा युवक

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

crime News

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने 'लालच बुरी बला है' वाली कहावत को एक बार फिर सच साबित कर दिया है। यहां एक व्यक्ति पुराने नोटों के बदले लाखों रुपये मिलने के लुभावने झांसे में आ गया और इसी लालच में शातिर साइबर ठगों ने उसकी गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर दिया। ठगों ने व्यक्ति से पांच लाख रुपये से भी अधिक की रकम ऐंठ ली और जब वादे के मुताबिक पैसे नहीं मिले तथा ठगी का एहसास हुआ, तब पीड़ित पुलिस की शरण में पहुंचा।

इंस्टाग्राम के वीडियो से शुरू हुआ जालसाजी का खेल

यह पूरा मामला बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के अंतर्गत आने वाले दड़याना गांव (डाकघर औहर) के निवासी विवेक महाजन से जुड़ा है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 28 अक्तूबर को विवेक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा, जिसमें पुराने नोटों के बदले 95 लाख रुपये तक मिलने का बड़ा दावा किया गया था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की बिलासपुर रेललाइन निर्माण पर मंडराया संकट, दो जगह विरोध; मशीनें ज**लाने की धमकी

 

लाखों रुपये मिलने की उम्मीद में विवेक ने वीडियो में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क साध लिया। सामने वाले ठग ने बड़ी चालाकी से पहले पुराने नोटों की तस्वीरें मंगवाईं और फिर व्हाट्सएप चैट के जरिए पीड़ित को अपने विश्वास में ले लिया। इसके बाद शुरू हुआ वसूली का सिलसिला आरोपी ने फाइल चार्ज और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर पैसे ट्रांसफर करवाने शुरू कर दिए।

किश्तों में लुटा दिए 5,23,757 रुपये

95 लाख रुपये हाथ लगने की आस में पीड़ित ठग के जाल में इस कदर फंसता चला गया कि वह अलग-अलग किश्तों में कुल 5,23,757 रुपये ट्रांसफर कर बैठा। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उसे न तो 95 लाख रुपये मिले और न ही कोई संतोषजनक जवाब आया, तब जाकर उसे अपने साथ हुई बड़ी साइबर ठगी का अहसास हुआ।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादी के दो माह बाद ही नई नवेली दुल्हन प्रेमी संग हुई फरार, पुलिस ने दिल्ली से धरी

जीरो एफआईआर के बाद मामला दर्ज

ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इस प्रकरण में साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी से थाना घुमारवीं को जीरो एफआईआर प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर घुमारवीं पुलिस थाने में विधिवत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : चंडीगढ़ से हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करने आ रही थी नेहा, पुलिस ने साथी संग की गिरफ्तार

 

बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि साइबर ठगी का केस दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले किसी भी तरह के लालच या रातोंरात मोटी रकम कमाने के झांसे में न आएं, और अनजान लोगों के साथ संवेदनशील जानकारी या पैसों का लेनदेन करने से बचें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख