राजनीति

#अपराध

November 27, 2026

हिमाचल: 18 और 21 साल के दो युवकों के पास मिला लाखों का चिट्टा; किराये के कमरे में छिपाई थी खेप

पंजाब के रहने वाले हैं दोनों आरोपी युवक, पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Kangra Chitta News

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में नशे का काला कारोबार लगातार पैर पसार रहा है और अब इस अवैध धंधे में कम उम्र के युवा भी सक्रिय होते नजर आ रहे हैं। चिट्टे के सफेद जहर ने प्रदेश की युवा पीढ़ी को अपनी चपेट में लेने के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले नशा तस्करों को भी हिमाचल में सक्रिय कर दिया है। खास बात यह है कि पड़ोसी राज्य पंजाब के कई युवा हिमाचल में नशे की सप्लाई करने के आरोपों में पकड़े जा रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला जिला कांगड़ा के पालमपुर से सामने आया है।

 

यहां पुलिस ने एक किराये के मकान में दबिश देकर महज 18 और 21 साल के दो युवकों को 28.65 ग्राम हेरोइन (चिट्टे) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं और पालमपुर के लोहना गांव में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे। पकड़े गए चिट्टे की कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में एक लाख से भी कहीं अधिक बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर हिमाचल में फैलते नशे के नेटवर्क और इसमें युवाओं की संलिप्तता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

यह भी पढ़ें : बाली-विक्रमादित्य सिंह के बाद अब इस मंत्री ने खुलेआम किया CM सुक्खू के फैसले का विरोध; दी ये नसीहत

किराये के कमरे से चल रहा था नशे का खेल

पालमपुर पुलिस को बीती रात क्षेत्र में नशे की सप्लाई को लेकर अहम सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना देरी किए लोहना गांव में एक किराये के मकान में दबिश दी। पुलिस ने जब मौके पर तलाशी ली तो वहां मौजूद दो युवकों के कब्जे से 28.65 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। जिस उम्र में युवा अपने करियर और भविष्य को संवारने की तैयारी करते हैं, उसी उम्र में दो युवकों के चिट्टे के कथित अवैध कारोबार में पकड़े जाने से नशे के बढ़ते खतरे की गंभीरता सामने आई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की स्वास्थ्य सेवाएं होंगी हाईटेक... इसके लिए सुक्खू सरकार ने 661 पदों पर भर्ती को दी मंजूरी

पंजाब के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय जोश निवासी धारीवाल, जिला गुरदासपुर और 18 वर्षीय राजवीर निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों युवक पालमपुर के लोहना गांव में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक कब से यहां रह रहे थे और इनके पास चिट्टा कहां से पहुंच रहा था। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी जिले के किन-किन इलाकों में नशे की सप्लाई करते थे और इनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

 

यह भी पढें : हिमाचल : पिता ने बेटी की शादी में नहीं परोसी शराब, फौजी ने अपनी पेंशन से दिया 11 हजार इनाम

पंजाब से हिमाचल तक फैले नेटवर्क पर पुलिस की नजर

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार हाल के दिनों में नशे की सप्लाई के मामलों में गिरफ्तार किए गए कई आरोपी पंजाब क्षेत्र के रहने वाले पाए गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हैं। पुलिस को संदेह है कि ये आरोपी कांगड़ा जिले में नशे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे में अब पुलिस केवल नशे के साथ पकड़े गए लोगों तक कार्रवाई सीमित नहीं रख रही, बल्कि सप्लाई चेन की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि नशे की खेप उपलब्ध करवाने वाले मुख्य सरगनाओं और स्थानीय स्तर पर इसे खरीदने तथा आगे पहुंचाने वालों की पहचान की जा सके।

 

यह भी पढ़ें : रामपुर सीट उपचुनाव : फरवरी-मार्च में हो सकता है मतदान, कांग्रेस के सामने गढ़ बचाने की चुनौती

सप्लायर ही नहीं, बड़े सरगनाओं तक पहुंचेगी पुलिस

पुलिस का अगला फोकस इस पूरे नेटवर्क के पीछे सक्रिय मुख्य सप्लायर और किंगपिन तक पहुंचना है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पंजाब से चिट्टा हिमाचल कैसे पहुंच रहा है, इसकी सप्लाई के लिए किन रास्तों का इस्तेमाल किया जा रहा है और स्थानीय स्तर पर कौन लोग इस नेटवर्क को मदद पहुंचा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरफ्तार युवकों के संपर्क में जिले के कितने लोग थे। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : HRTC ड्राइवर-कंडक्टर ने बुजुर्ग को दिया नया जीवन, चलती बस में हो गया था बेसुध

रेड जोन पंचायतों और वार्डों में भी चल रहा जागरूकता अभियान

एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान भी चला रही है। जिले की रेड जोन पंचायतों और नगर निगम के चिह्नित वार्डों में विशेष रूप से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस, प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूलों तथा कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों को चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाना और समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख