मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बल्ह घाटी के मलथेहड़ गांव में एक बहू और उसके ससुर को वाहन से कुचलने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना में स्कूटी सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीनी विवाद बना खूनी जंग
पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर की है। जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी। इस दौरान कुछ लोग घायल हुए थे। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस कार्रवाई और मेडिकल जांच के बाद एक पक्ष वहां से चला गया था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल विस में पहले ही दिन घमासान- वंदे मातरम पर हंगामा, नौकरियों को लेकर भड़का विपक्ष
घर लौटते समय स्कूटी को मारी टक्कर
बताया गया है कि इसके बाद सानू देवी अपने ससुर जय किशन के साथ स्कूटी पर घर लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने जानबूझकर अपने वाहन से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। आरोप है कि वाहन से दोनों को कुचलने का भी प्रयास किया गया।
गाड़ी से कुचले ससुर और बहू
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सानू देवी और जय किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों को उपचार के लिए तुरंत लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में पहले डायरिया...अब फैल रही एक और गंभीर बीमारी-स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
हालत गंभीर होने पर AIIMS रेफर
नेरचौक अस्पताल में दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने सानू देवी और जय किशन को आगे के उपचार के लिए AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान कर उसके संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही दोनों पक्षों के बीच पहले हुए विवाद और मारपीट से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : कलयुगी बेटे ने मां से की नीच हरकत, शराब के नशे में चलाया दरा.ट और...
हत्या का केस दर्ज
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और मामले में आगामी कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
