हमीरपुर। घर की छत की रेलिंग देखकर शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यही रेलिंग एक दिन जांच का विषय बन जाएगी। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर स्थित तरोपका गांव में एक महिला कर्मचारी के मकान की रेलिंग में लगी कुछ पाइपों पर सरकारी मोहर मिलने के बाद मामला विजिलेंस तक पहुंच गया। शिकायत के आधार पर विजिलेंस थाना हमीरपुर की टीम ने घर में जांच की और रेलिंग में लगी पाइपों के सैंपल काटकर अपने कब्जे में लिए।
सरकारी पाइपों का दुरुपयोग
सैंपल जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में लिए गए हैं और जांच के लिए विभाग को सौंपे गए हैं। फिलहाल इन पाइपों का इस्तेमाल सरकारी पाइपों के कथित दुरुपयोग से जुड़ा है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 6 साल के शिवाक्ष का गजब कारनामा- 195 देशों के झंडे याद कर बनाया रिकॉर्ड
शिकायत के बाद घर पहुंची विजिलेंस टीम
मामले की शिकायत हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य राजीव राणा ने की थी। उनका आरोप है कि वर्ष 2022 में जल शक्ति विभाग के स्टोर से कनेक्शन के लिए जारी की गई पाइपों का इस्तेमाल मकान की रेलिंग बनाने में किया गया।
विजिलेंस ने पाइपों की जांच की
शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर पाइपों की जांच की। रेलिंग में लगी पाइपों पर सरकारी मोहर पाए जाने को भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में महासू महाराज का शाही स्नान, गांव की बेटियों ने भेंट किया 32 तोले चांदी का छत्र
पाइप काटकर लिए सैंपल, परिवार को दी हिदायत
जांच के दौरान जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया। विजिलेंस टीम ने रेलिंग में लगी पाइपों के कुछ हिस्से काटकर सैंपल के तौर पर लिए।
इन सैंपलों को आगे की जांच के लिए जल शक्ति विभाग को सौंप दिया गया है। साथ ही परिवार को निर्देश दिए गए हैं कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक इन पाइपों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न की जाए।
महिला कर्मचारी बोली- 2021 में खरीदा था मकान
वहीं, संबंधित महिला कर्मचारी का कहना है कि उसने यह मकान 2021 में खरीदा था। उसके मुताबिक, उस समय घर में जल जीवन मिशन के तहत सरकारी नल का कनेक्शन लगा हुआ था। बाद में पीवीसी पाइप का कनेक्शन डालने के लिए पुरानी पाइप उखाड़ दी गई थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : गाय को रोटी देने आई थी 9 वर्षीय लड़की, 55 साल के आदमी ने की गंदी हरकत
कितनी पाइपें डाली थी?
जांच के दौरान मकान के पूर्व मालिक को भी मौके पर बुलाया गया। पूर्व मालिक ने बताया कि घर में कनेक्शन के लिए पाइप डाली गई थी। हालांकि उस समय कितनी पाइप इस्तेमाल हुई थी- इसकी सटीक जानकारी उसे याद नहीं है।
मौके पर पहुंचे कांग्रेस के दो नेता
विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान नादौन विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कांग्रेस के दो नेता भी मौके पर पहुंचे। इनमें से एक को महिला कर्मचारी का करीबी रिश्तेदार बताया गया है। महिला कर्मचारी वर्तमान में सुजानपुर में तैनात है। इससे पहले वह हमीरपुर मंडल के तहत कार्यरत थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की बिटिया ने बढ़ाया मान- सेना में मेजर बनीं आंचल, वर्दी पर सितारे देख मां-बाप भावुक
विभाग बोला- जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी
जल शक्ति विभाग मंडल हमीरपुर के अधिशासी अभियंता राजीव सहगल ने बताया कि विजिलेंस की ओर से मामले की जानकारी मिलने के बाद विभाग ने कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजा था। विजिलेंस टीम ने जो पाइपों के सैंपल लिए, वे विभाग को सौंपे गए हैं।
उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत विभागीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल विभाग को विजिलेंस की शिकायत मिली है और उसकी ओर से सैंपल उपलब्ध करवाए गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : PG की छात्राओं को गंदे इशारे करता था बुजुर्ग- कैमरे में हुआ कैद, थाने पहुंचीं लड़कियां
सरकारी मोहर वाली पाइपें
शिकायतकर्ता राजीव राणा ने कहा कि सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग की शिकायत उन्होंने विजिलेंस से की थी। उनका कहना है कि मौके पर रेलिंग में सरकारी मोहर वाली पाइपें मिली हैं। उन्होंने सरकारी संपत्ति के कथित दुरुपयोग पर कार्रवाई की मांग की है।
