#अपराध
October 25, 2026
हिमाचल घूमने आए थे हरियाणा के स्कूली बच्चे, अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा बस चालक; थमी सांसें
अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई चालक की सांसें, पुलिस कर रही जांच
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में घूमने आए हरियाणा के स्कूली बच्चों के लिए उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब उनके बस चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। 44 विद्यार्थियों को लेकर मनाली पहुंचे 32 वर्षीय चालक योगेश की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। स्कूल स्टाफ उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से स्कूल के विद्यार्थियों और स्टाफ में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान योगेश पुत्र रणधीर सिंह, निवासी गांव शिवाणा, जिला झज्जर, हरियाणा के रूप में हुई है। वह हरियाणा के मॉडल गुरुकुल पब्लिक स्कूल, दुवलधन की बस लेकर विद्यार्थियों के साथ मनाली आया था। घटना के समय विद्यार्थी वशिष्ठ मंदिर की ओर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 3 लाख महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपए, जानिए सुक्खू सरकार कब खाते में डालेगी पैसे
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल बस में सवार विद्यार्थी मनाली में घूमने आए थे। दिन में करीब 1:40 बजे जब बस में मौजूद छात्र-छात्राएं वशिष्ठ मंदिर की ओर जा रहे थे, उसी दौरान चालक योगेश अचानक सड़क पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों और स्कूल स्टाफ में हलचल मच गई। चालक की हालत बिगड़ते देख स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने बिना देर किए उसे मिशन अस्पताल मनाली पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू साहब यहां भी देख लो... दो साल से एक कमरे में पढ़ रहे 49 बच्चे, कब मिलेगा नया भवन?
जिस बस के चालक की मौत हुई, उसका नंबर एचआर 63ई 0310 बताया गया है। बस में कुल 44 विद्यार्थी सवार थे, जिनमें 18 छात्र और 26 छात्राएं शामिल थीं। विद्यार्थियों के साथ हिमाचल घूमने आए स्कूल दल के लिए यह घटना बेहद दुखद रही। यात्रा के दौरान अचानक चालक के गिरने और बाद में उसकी मौत की खबर से विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ पर गहरा असर पड़ने की आशंका है। फिलहाल घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से आगे की व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए गए, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें : युवा बेरोजगारों को नहीं...हिमाचल में सुक्खू सरकार कर रही बुजुर्गों की भर्ती, 70 हजार तक देगी वेतन
घटना की सूचना मिलने के बाद एएसआई देवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मिशन अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर का निरीक्षण किया। इस दौरान शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। हालांकि, बाहरी चोट नहीं मिलने से मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं होता। योगेश की मौत किस वजह से हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब का टोपीबाज! सेना की वर्दी पहन घूम रहा था, खुद को बताया अफसर, हुआ अरेस्ट
पुलिस ने मृतक के भाई के अनुरोध पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मनाली स्थित शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत के कारणों को लेकर स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।