#अपराध
October 26, 2026
हिमाचल में दिन दिहाड़े फा**यरिंग: कंपनी गेट पर 5 राउंड किए फा*यर, पहले स्क्रैप कारोबारी से मांगी थी फिरौती
स्क्रैप कारोबारी की कंपनी पर बरसाईं 5 गोलियां, दो दिन में दो जगह हुई गोलीबारी
शेयर करें:

बीबीएन (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में गोलीबारी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सोलन जिले के नालागढ़ में रविवार दोपहर दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने स्क्रैप कारोबारी की कंपनी के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ पांच राउंड फायर कर इलाके में हड़कंप मचा दिया। बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर आए दो हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि नालागढ़ क्षेत्र में दो दिन के भीतर फायरिंग की यह दूसरी घटना है। इससे पहले शनिवार तड़के बूटा पलासी में एक मकान के बाहर गोलियां चलाई गई थीं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद पुलिस फिरौती की धमकियों, आपराधिक गिरोहों की संभावित भूमिका और दोनों वारदातों के बीच किसी संबंध की पड़ताल कर रही है।
नालागढ़ के गोल जमाला में रविवार दोपहर करीब दो बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक पर सवार दो नकाबपोश व्यक्ति यूसुफ एंटरप्राइजेज के मुख्य गेट पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने कंपनी के गेट पर करीब पांच राउंड फायर किए और इसके बाद तेजी से मौके से निकल गए। दिन के समय हुई इस वारदात से औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में नए चेहरों पर दांव की तैयारी! विक्रमादित्य सिंह के बयान से टिकट की जंग के संकेत
कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत दीप सिंह निवासी गांव बड्डू, रामशहर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोनों आरोपी बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर आए थे। उनके चेहरे ढके हुए थे। फायरिंग के बाद हमलावर किस दिशा में भागे, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
मामले में एक अहम पहलू यह भी है कि संबंधित स्क्रैप कारोबारी को पिछले महीने फिरौती के लिए फोन आया था। अब कंपनी के गेट पर फायरिंग होने के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी तो नहीं हैं। हालांकि, फिरौती की धमकी और गोलीबारी के बीच संबंध होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और वारदात के संभावित मकसद का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का ये गांव है नशे से कोसों दूर, देवता के आदेश पर बीड़ी-सिगरेट और गुटखे की भी ‘नो एंट्री’
नालागढ़ क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन गोलीबारी की घटना सामने आने से पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई है। शनिवार तड़के बूटा पलासी में बाइक सवार दो लोगों ने एक मकान के बाहर चार राउंड फायर किए थे। इनमें से दो गोलियां घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी में लगी थीं, जबकि दो हवाई फायर किए गए थे। इस मामले में भी पहले एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के लिए धमकी भरी कॉल आने की बात सामने आई थी। लगातार हुई इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस इनके संभावित आपसी संबंध की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : जयराम ठाकुर का दावा: 2027 के चुनावों में युवाओं को देंगे मौका ! सीएम सुक्खू को बताया 'लोनप्रिय' नेता
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की गतिविधियों और भागने के रास्ते के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस इस संभावना की भी पड़ताल कर रही है कि फायरिंग के पीछे किसी आपराधिक गिरोह का हाथ तो नहीं है। फिरौती के लिए कथित धमकी और उसके बाद हुई गोलीबारी के कारण इस पहलू को जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, किसी विशेष गैंग की संलिप्तता की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस नेता ने उड़ाया BJP विधायक सत्ती की बीमारी का मजाक, डिप्टी CM ने भी लगाए ठहाके
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें काम कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढें : हिमाचल : घर से निकला 36 वर्षीय व्यक्ति लापता, फोन भी बंद- परिवार ने लगाई मदद की गुहार
बीबीएन हिमाचल प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में उद्योग और कारोबारी प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। ऐसे में दो दिनों के भीतर फायरिंग की दो घटनाएं सामने आने से कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। अब जांच का मुख्य केंद्र यह है कि दोनों वारदातों के पीछे अलग-अलग कारण हैं या फिरौती की धमकियों से जुड़ा कोई साझा आपराधिक नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही इन सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।