#उपलब्धि
September 14, 2026
हिमाचल की बिटिया ने बढ़ाया मान- सेना में मेजर बनीं आंचल, वर्दी पर सितारे देख मां-बाप भावुक
आंचल की सफलता के पीछे उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल की बेटियां लगातार अपनी मेहनत और काबिलियत से नई मिसाल कायम कर रही हैं। अब बिलासपुर के झंडूता क्षेत्र की आंचल वशिष्ठ ने भारतीय सेना में मेजर का पद हासिल कर परिवार के साथ पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
गांव भटेड़ कलां की रहने वाली आंचल को सेना में उनकी सेवाओं और कार्यप्रणाली के आधार पर कैप्टन से मेजर पद पर पदोन्नति मिली है। जिसके बाद पूरे परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
आंचल भारतीय सेना की मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में सेवाएं दे रही हैं। फिलहाल उनकी तैनाती नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रैफरल में है। यहां वह सेना के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
आंचल की सफलता के पीछे उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है। उनके पिता सुखदेव वशिष्ठ शिक्षा विभाग में प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी माता बबिता राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता हैं। आंचल का छोटा भाई नैतिक अभी 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। परिवार में शिक्षा और अनुशासन के माहौल ने आंचल के सफर को मजबूत आधार दिया।
आंचल के मेजर बनने की खबर जैसे ही भटेड़ कलां और भराड़ी क्षेत्र में पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
आंचल ने अपनी मेहनत और समर्पण से सेना में यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि खास तौर पर क्षेत्र की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सेना और देश सेवा में अपना करियर बनाने का सपना देखती हैं।