#अपराध

October 25, 2026

हिमाचल में गजब का टोपीबाज! सेना की वर्दी पहन घूम रहा था, खुद को बताया अफसर, हुआ अरेस्ट

पुलिस ने सुनारडी से आरोपी को पकड़ा

शेयर करें:

Himachal Pradesh Indian Army Uniform news

सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के कसौली में एक शख्स का ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसे देखकर सुरक्षा एजेंसियां भी हैरान रह गईं। आरोपी सेना की वर्दी और बैज पहनकर घूम रहा था और खुद को सैन्य अधिकारी बता रहा था। शक होने पर मिलिट्री इंटेलिजेंस और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। 

सेना की वर्दी पहन घूम रहा था युवक

मिलिट्री इंटेलिजेंस की कसौली यूनिट को सूचना मिली थी कि गांव कोट और आसपास के इलाकों में एक व्यक्ति सेना की वर्दी और सेना के निशान लगाकर घूम रहा है। कसौली छावनी क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए MI ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 17 वर्षीय लड़की संग किया मुंह काला, फिर वीडियो वायरल करने की दी ध*मकी- FIR दर्ज

पुलिस ने सुनारडी से आरोपी को पकड़ा

सूचना मिलते ही गढ़खल पुलिस चौकी प्रभारी ASI ललित कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने इलाके में तलाश शुरू की और आरोपी को सुनारडी क्षेत्र से पकड़ लिया।

होटल में शेफ का काम करता था आरोपी

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अर्पण कटोच के रूप में हुई है। वह कांगड़ा जिले के बैजनाथ के टिकरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी कसौली के एक निजी होटल में शेफ का काम करता था और सुनारडी गांव में किराये के मकान में रह रहा था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दिवाली से पहले महंगी हुई देसी घी से बनी मिठाइयां, जानें कितने बढ़े रेट

तलाशी में मिला सेना का लिकर कार्ड

पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से सेना का एक लिकर कार्ड मिला। इस कार्ड पर आरोपी की सेना की वर्दी में फोटो और उसका नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने जब उससे वर्दी और कार्ड से जुड़े जरूरी दस्तावेज मांगे तो वह कोई सही कागज नहीं दिखा पाया।

सेना की वर्दी और कार्ड कहां से मिले, जांच जारी

परवाणू के DSP अनिल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कसौली थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 168 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को सेना की वर्दी और कैंटीन कार्ड कहां से मिले और वह इन्हें पहनकर छावनी इलाके में क्यों घूम रहा था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बिना शटडाउन चला था काम, करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौ**त- ठेकेदार पर FIR

मंशा का भी पता लगा रही पुलिस

पुलिस इस मामले को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानकर जांच कर रही है। जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ अन्य जरूरी धाराएं भी लगाई जा सकती हैं।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख