#विविध
September 15, 2026
हिमाचल में महासू महाराज का शाही स्नान, गांव की बेटियों ने भेंट किया 32 तोले चांदी का छत्र
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ शाही स्नान
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित गिरिपार क्षेत्र के टिटीयाना गांव में ऋषि पंचमी का पर्व इस बार आस्था और परंपरा के साथ-साथ गांव की बेटियों के अपने आराध्य देव के प्रति प्रेम का भी गवाह बना। ऋषि पंचमी पर महासू महाराज का विधिवत शाही स्नान करवाया गया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु देव दर्शन के लिए पहुंचे और पूरा गांव महासू महाराज के जयकारों से गूंजता रहा।
इस आयोजन का सबसे खास पहलू रहा टिटीयाना की धियाणटियों यानी गांव की बेटियों की ओर से महासू महाराज को भेंट किया गया 32 तोले चांदी का छत्र। बेटियों ने अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट करते हुए यह छत्र अपने आराध्य देवता को समर्पित किया।
छत्र अर्पित किए जाने के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। महासू महाराज के जयकारों के बीच धियाणटियों की इस भेंट को गांव और देवता के साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव के प्रतीक के तौर पर देखा गया।

ऋषि पंचमी के अवसर पर महासू महाराज का शाही स्नान पारंपरिक देव विधि-विधान के अनुसार करवाया गया। इस दौरान देव परंपराओं का पूरी श्रद्धा के साथ निर्वहन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देवता के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। दूर-दूर से लोग टिटीयाना पहुंचे और इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने। पूरे आयोजन के दौरान गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
गिरिपार क्षेत्र का टिटीयाना गांव सिरमौर के बड़े ब्राह्मण बहुल गांवों में गिना जाता है। यहां ब्राह्मण समुदाय के साथ हरिजन समुदाय के लोग भी बड़ी संख्या में रहते हैं। खास बात यह है कि गांव के विभिन्न समुदाय देव परंपराओं को मिल-जुलकर निभाते हैं और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हैं।

ऋषि पंचमी का यह आयोजन इसी परंपरा की एक झलक रहा। एक ओर महासू महाराज का शाही स्नान हुआ, तो दूसरी ओर धियाणटियों ने चांदी का छत्र अर्पित कर अपने गांव और आराध्य देवता से अपने रिश्ते को और मजबूत किया।