सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया की जड़ें काटने के लिए पुलिस इन दिनों लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में सिरमौर जिले की शिलाई पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है।

लाखों की चरस बरामद

गश्त के दौरान पुलिस ने एक कार से 1.584 किलोग्राम चरस बरामद की और दो तस्करों को मौके पर ही दबोच लिया। बरामदगी इतनी बड़ी है कि इससे साफ है कि उपमंडल में नशे का नेटवर्क काफी सक्रिय था और पुलिस की मुस्तैदी ने एक बड़े खेल को समय रहते रोक दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में शेयर हो रहा मासूम गोलू के नाम का स्कैनर, चंदा मांग अपनी जेब भर रहे शातिर

नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई खेप

पुलिस के अनुसार, थाना शिलाई की टीम सोमवार देर शाम को फेडूवाला के पास रोनहाट मार्ग पर नियमित गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान रोनहाट दिशा से आ रही एक कार (HP 01N-0502) ने पुलिस का ध्यान खींचा। कार की रफ्तार और चालकों की घबराहट ने संदेह को और गहरा कर दिया। पुलिस ने तुरंत वाहन को रुकवाकर जांच शुरू की।

आरोपियों की पहचान

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी शिलाई के बिंदला गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान-

  • तुला राम (28) पुत्र गीता राम
  • रामचंद्र (34) पुत्र गुमान सिंह

यह भी पढ़ें : हिमाचल की शादी में चोर बाराती- दुल्हन की गाड़ी का पीछा कर उड़ाए गहने, पुलिस ने पकड़ा मास्टरमाइंड

बैग में छिपाई थी खेप

जांच के दौरान पुलिस ने रामचंद्र के पास रखा एक बैग खुलवाया। बैग खोलते ही टीम चौंक गई-अंदर से 1.584 किलोग्राम चरस की खेप बरामद हुई। इस खेप की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से मौके पर ही कड़ी पूछताछ की, लेकिन वे चरस की खेप के बारे में कोई विश्वसनीय या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद दोनों को वहीं गिरफ्तार कर लिया गया।

नेटवर्क का होगा भंडाफोड़

DSP पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को मंगलवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अदालत से पुलिस रिमांड की मांग करेगी, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किसको सप्लाई की जानी थी।

यह भी पढ़ें : संजौली मस्जिद मामला फिर गरमाया : महिलाओं समेत 6 पर हुई FIR- विरोध में आमरण अनशन शुरू

जड़ से खत्म होगा काला कारोबार

उन्होंने साफ किया कि यह गिरफ्तारी केवल शुरुआत है हमारा लक्ष्य सिर्फ पकड़े गए आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क को बेनकाब करना है। उन्होंने कहा कि उपमंडल में नशा माफिया के खिलाफ अभियान तेज गति से जारी रहेगा। रात-दिन गश्त, नाकाबंदी, और खुफिया जानकारी का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है, ताकि नशे का कारोबार पूरी तरह जड़ से खत्म किया जा सके।

जनता से सहयोग की अपील

उन्होंने कहा कि पुलिस कितनी भी सख़्त क्यों न हो, समाज की मदद के बिना नशे के खिलाफ लड़ाई पूरी नहीं हो सकती। इसलिए उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नए लोगों की आवाजाही, या अवैध व्यापार की सूचना तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। आपका एक फोन किसी परिवार को बर्बाद होने से बचा सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें