#अपराध
November 22, 2026
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बावजूद नशे का अवैध कारोबार करने वाले लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला जिला सिरमौर से सामने आया है। यहां पुलिस ने ढेर सारी चरस संग दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, SIU की टीम सतौन बस स्टैंड के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टीकाराम और मायाराम काफी समय से शिलाई, सतौन और आसपास के क्षेत्रों में चरस बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना में बताया गया कि दोनों बाइक नंबर HP85AA-0305 पर कमरऊ की तरफ से सतौन आ रहे हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि यदि उनकी तलाशी ली जाए तो उनके पास से चरस बरामद हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मां ने कड़ी मेहनत कर खूब पढ़ाई बेटी, स्टाफ नर्स बन अंजना ने बढ़ाया मान
सूचना मिलते ही SIU की टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद कमरऊ की तरफ से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। टीम ने बाइक सवार दोनों व्यक्तियों को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से कुल 1 किलो 125 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मायाराम पुत्र स्वर्गीय खजान सिंह और टीकाराम पुत्र संतराम के रूप में की है। दोनों जिला सिरमौर के गांव बोहल, डाकघर एवं तहसील कमरऊ के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: कौल डैम में 35 यात्रियों से भरी बोट की टूटी शाफ्ट, भरने लगा पानी; मची चीख पुकार
अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे चरस की यह खेप कहां से लेकर आए थे और इसे कहां सप्लाई करने वाले थे। इसके साथ ही पुलिस इस कथित नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।