सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक बेटे की दुनिया उस समय उजड़ गई जब उसने अपने ही पिता को घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य इतना भयावह था कि बेटे के पैरों तले जमीन खिसक गई और उसकी चीखें सुनकर पूरा मोहल्ला स्तब्ध रह गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में डूबा हुआ है।
घर में अकेले थे पिता और बेटा
यह दुखद घटना पांवटा साहिब उपमंडल के गिरिपार क्षेत्र स्थित थापला गांव की है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय दलीप सिंह पुत्र तुला राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल दलीप सिंह और उनका बेटा मौजूद थे। वहीं, मृतक की पत्नी अपने मायके में भाई से मिलने गई हुई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खाई में गिरी पिकअप के नीचे दबा चालक, परिवार का था इकलौता सहारा; पीछे छोड़ गया दो बच्चे
कुछ ही मिनटों में बदल गई घर की खुशियां मातम में
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह दलीप सिंह रोजाना की तरह नींद से उठे और शौच के लिए बाहर गए। वापस लौटने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चले गए। घर में मौजूद बेटे को उस समय किसी अनहोनी का अंदेशा तक नहीं था। लेकिन कुछ देर बाद जब वह किसी काम से पिता के कमरे की ओर गया और दरवाजा खोला, तो उसके सामने ऐसा दृश्य था जिसे वह शायद जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा।
पिता को फंदे पर लटका देख निकल गईं बेटे की चीखें
कमरे के अंदर पहुंचते ही बेटे ने अपने पिता को फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही उसकी चीख निकल गई और वह जोर-जोर से मदद के लिए पुकारने लगा। बेटे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। जब ग्रामीण कमरे के भीतर पहुंचे तो उन्होंने भी दलीप सिंह को फंदे पर लटका हुआ पाया। यह देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शख्स को टक्कर मा.र फरार हुआ वाहन चालक, सड़क पर त.ड़पता रहा घायल; थम गईं सांसें
बचाने की कोशिशें रहीं नाकाम
ग्रामीणों ने बिना देर किए दलीप सिंह को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल उपचार के लिए शिलाई अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बेटे ने अपनी मां को इस दुखद हादसे की फोन पर सूचना दी।
मानसिक तनाव से जूझ रहे थे दलीप सिंह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दलीप सिंह पिछले लंबे समय से मानसिक तनाव की स्थिति से गुजर रहे थे। हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिता ने 30 साल बेचा नशा- उसी दलदल में डूबे दोनों बेटे, एक की ओवरडोज से मौ*त
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। किसी ने नहीं सोचा था कि एक साधारण सुबह इतनी दर्दनाक त्रासदी में बदल जाएगी। जिस बेटे ने सुबह अपने पिता को सामान्य रूप से देखा था, कुछ ही देर बाद उसे उनकी मौत का भयावह दृश्य देखने को मिला। यह घटना परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख देने वाली है।
