सोलन। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जुड्डी कलां में एक पति पर शराब के नशे में अपनी पत्नी की चाकू से हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

सबसे दर्दनाक बात यह रही कि मां पर हुए हमले के दौरान उसके चार बच्चे घर में मौजूद थे और उनकी आंखों के सामने मां खून से लथपथ हो गई। मृतका की पहचान 33 वर्षीय सुनेहरी देवी पत्नी दाता राम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली के डकपुरा गांव की रहने वाली थी और अपने पति व चार बच्चों के साथ बद्दी के जुड्डी कलां में किराये के मकान में रहती थी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में आज भारी से भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में लैंडस्लाइड-बाढ़ का खतरा

छुट्टी के दिन घर पहुंचा था पति

जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के कारण औद्योगिक इकाइयों में छुट्टी थी। बताया जा रहा है कि दाता राम शाम के समय शराब के नशे में घर पहुंचा। इसके बाद किसी बात को लेकर उसका पत्नी सुनेहरी देवी से विवाद हो गया।

फिर शुरू हुआ विवाद

आरोप है कि कहासुनी धीरे-धीरे बढ़ गई और पति ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। घर में मौजूद बच्चों ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान दाता राम ने चाकू से पत्नी के पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में आज नहीं खुलेगा कोई भी सरकारी स्कूल और कॉलेज, मगर क्यों...जानें वजह

मां को खून से लथपथ देख चीखने लगे बच्चे

चाकू से हमला होने के बाद सुनेहरी देवी गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गई। महिला को इस हालत में देखकर उसके चारों बच्चे घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

अस्पताल भी नहीं पहुंची महिला

इसके बाद गंभीर रूप से घायल सुनेहरी देवी को उपचार के लिए बद्दी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, चार बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल जेल में बंद था पंजाबी, मिलने पहुंचे पिता ने थमाई ‘सफेद पुड़िया’; CCTV में पकड़ा गया

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ASP अशोक वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम बिलासपुर स्थित AIIMS में करवाया जाएगा। पुलिस ने आरोपी दाता राम की तलाश शुरू कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वारदात के पीछे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना के समय आरोपी की स्थिति क्या थी, इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को स्पष्ट करेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें