नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डिटेक्शन टीम ने देवीनगर में रहने वाले एक दंपति को स्मैक की तस्करी के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह मामला प्रदेश में नशा तस्करी के बदलते खतरनाक रूप की ओर इशारा करता है, जहां अब पूरे परिवार संगठित तरीके से इस अवैध धंधे में शामिल हो रहे हैं।

नशे के साथ पति पत्नी गिरफ्तार

पुलिस को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि देवीनगर वार्ड नंबर 10 निवासी विजय कुमार पुत्र करण कुमार और उसकी पत्नी आशा देवी अपने ही घर से स्मैक बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही डिटेक्शन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को 10.1 ग्राम स्मैक और 21,300 रुपये नकद बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में यह राशि नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ी प्रतीत हो रही है।

 

यह भी पढ़ें : सेब से लदे पेड़ों पर आरी चलाने से शिक्षा मंत्री नाखुश, CM सुक्खू को याद दिलाई वीरभद्र सरकार की नीति


पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ ND&PS एक्ट (1985) के तहत मामला दर्ज किया गया। सिरमौर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है ताकि गहन पूछताछ की जा सके और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

नशा तस्करी में पूरे परिवार की संलिप्तता

इस घटना ने प्रदेश में नशा तस्करी के बदलते स्वरूप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले जहां यह धंधा गुप्त रूप से कुछ सीमित तत्वों तक सीमित था, अब पूरा परिवार इसमें संलिप्त पाया जा रहा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि नशा अब न केवल सामाजिक बल्कि पारिवारिक ढांचे को भी खोखला कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बिजली के करंट की चपेट में आया 30 साल का युवक, परिजनों को छोड़ गया बेसहारा

प्रदेश में बढ़ते नशे के मामले

हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ वर्षों में नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ी घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। पहाड़ी क्षेत्रों तक भी स्मैक, चरस और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स की पहुंच हो चुकी है। युवाओं को इसका सबसे अधिक शिकार होते देखा जा रहा है। सरकार और पुलिस विभाग द्वारा कई बार यह कहा गया है कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी, लेकिन बढ़ते मामलों से यह स्पष्ट है कि इस लड़ाई को और ज्यादा सशक्त करने की आवश्यकता है। समाज को भी इसमें भागीदारी निभानी होगी और नशे के विरुद्ध आवाज़ बुलंद करनी होगी।

 

यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर की बड़ी पहल: आपदा पीड़ितों को खाद्य सामग्री सहित गद्दे, कंबल, बर्तन के भेजे दो ट्रक

मंडी में चरस के साथ तीन युवक धरे

इसी तरह से मंडी जिला के सुंदरनगर में भी नशे के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों ही युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से पुलिस को 87 ग्राम चरस मिली है। आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय सोनू यादव पुत्र धनवीर निवासी गांव शाहपुर गाजियाबाद, 32 वर्षीय विनीत पुत्र भीम सिंह निवासी गांव सादिकपुर गाजियाबाद और कपिल सिरोही पुत्र सतेंद्र सिरोही निवासी गांव आकाश नगर गाजियाबाद के रूप में हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में छात्र ने त्यागे प्राण, माता पिता पहले ही छोड़ गए थे दुनिया

 

दरअसल धनोटू पुलिस थाना की टीम ने आज बुधवार अल सुबह फोरलेन पर तरोट में नाका लगा रखा था और इसी दौरान मनाली की ओर से आई एक कार को जांच के लिए रोका। कार की तलाशी के दौरान उसमें सवार 3 युवकों से पुलिस को 87 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर और कार को कब्जे में लेकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। एसपी साक्षी वर्मा ने कार सवार 3 युवकों को 87 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।