सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में पुलिस ने फर्जी पुलिस बन कर ट्रक चालकों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी गाड़ी पर चोरी की नंबर प्लेट लगाई थी। आरोपी अपने एक अन्य दोस्त के साथ फर्जी पुलिस कर्मी बनकर बाहरी राज्यों से आने वाले ट्रक चालकों को निशाना बनाता था और उनके साथ मारपीट और लूटपाट करता था।

एक साथी गिरफ्तार, दूसरा फरार

आरोपी अब तक कई ट्रक चालकों से रुपए ऐंठ चुका है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तीन अलग अलग टीमें बनाई थी। जिसमें एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि उसका एक अन्य साथी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपी की पहचान फतेह सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के मोहाली जिले के मुल्लापुर का रहने वाला है। आरोपी चिट्टे का आदी है। आरोपी का दूसरा साथी हरियाणा के मंडावाला का रहने वाला है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 10 साल रहा सलाखों के पीछे, जेल से बाहर आते ही लूटपाट की शुरू- फिर हुआ अरेस्ट

फर्जी पुलिस कर्मी बन ट्रक चालकों को लूटते थे

दरअसल यह मामला सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला थाना क्षेत्रों का है। पुलिस ने यहां ट्रक चालकों से फर्जी पुलिस कर्मचारी बन कर लूटपाट करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि यह गिरोह छह अप्रैल से सक्रिय था। यह लोग पुलिस की वर्दी पहन कर बद्दी के आसपास के क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आने वाले ट्रक चालकों से नो पार्किंग के नाम पर डराते थे। यह लोग फर्जी पुलिस कर्मचारी बन कर पहले तो उनके साथ मारपीट करते और फिर उनकी नगदी को छीन लेते थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल का प्लंबर 'राजा' बना करोड़पति, ड्रीम-11 ने बदल दी किस्मत

एटीएम से और ऑनलाइन भी लूट पैसे

आरोपियों ने छह अप्रैल को झाड़माजरी में एक ट्रक चालक से 5 हजार रुपए लूटे थे। उसके बाद 8 अप्रैल को थाना गांव में एक ट्रक चालक से आरोपी ने पहले 10 हजार कैश छीन लिया, उसके बाद ट्रक चालक के मोबाइल से पेट्रोल पंप पर ऑनलाइन पैसा देकर, उनसे 30ए500 रुपए नगद ले लिए। आरोपियों ने पेट्रोल पंप संचालक से पीजीआई में मरीज भर्ती होने की बात कह कर पैसे लिए थे। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की बीमार सेहत: 100 बिस्तरों वाला अस्पताल खोलकर स्टाफ देना भूली सुक्खू सरकार

 

इसी तरह से 12 अप्रैल को थाना गांव में राजस्थान के ट्रक चालक से 22 हजार कैश लूट लिया और उसके एटीएम से 40 हजार रुपए निकाल लिए। इसी तरह से झाड़माजरी में भी एक ट्रक चालक से 10 हजार रुपए छीन लिए थे। पीड़ित ट्रक चालकों ने इसकी शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई थी। बद्दी में दो और बरोटीवाला थाना में एक मामला दर्ज हुआ था।

रिमांड पर लिया जाएगा आरोपी

पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें बनाईं। जिसके आधार पर पुलिस ने चंडीगढ़ के मुल्लापुर से आरोपी फतह सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं उसका साथी भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें : हिमकेयर को बीमा मोड में चलाने की तैयारी, 500 करोड़ की उधारी चुका नहीं सकती सुक्खू सरकार

 

मामले की पुष्टि करते हुए सोलन एसपी विनोद धीमान ने बताया कि इन आरोपियों के पास हरियाणा नंबर की गाड़ी थी। जिसके स्थान पर उन्होंने एचपी नंबर प्लेट लगाई थी। जिसका यह चोरी करने में प्रयोग करते रहे। जब यह ट्रक चालक को पकड़ते थे तो यूट्यूब पर पुलिस की वायरलेस की आवाज चला लेते थे। जिससे ट्रक चालकों को विश्वास हो जाता था कि यह पुलिस के लोग हैं।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें