सिरमौर। क्या हो अगर शादी के एक दिन पहले ही आपकी होने वाली दुल्हन गहने लेकर फरार हो जाए, कुछ ऐसा ही हैरान करने वाला मामला हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से सामने आया है। यहां शादी का रिश्ता तय होने के बाद परिवार ने रस्म के तौर पर युवती को लाखों रुपये के गहने दिए। लेकिन अगले ही दिन शादी से पहले युवती अपनी मां के साथ उन गहनों को लेकर फरार हो गई।
17 अगस्त को आया था शादी के रिश्ते के लिए संपर्क
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली निवासी विपिन वालिया ने बताया कि 17 अगस्त 2026 को उनके भाई विशाल वालिया के लिए शादी का रिश्ता आया था। एक व्यक्ति ने परिवार से संपर्क कर रिश्ते की बात की थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा के दूसरे दिन भी सरकार और विपक्ष में टकराव, स्थगित करनी पड़ी कार्रवाई
बातचीत आगे बढ़ने के बाद 21 अगस्त को बिचौलिए अरविन्द ने परिवार को लड़की देखने और रिश्ता तय करने के लिए हरिपुरधार बुलाया। परिवार रिश्ते की बात को लेकर हरिपुरधार पहुंचा।
हरिपुरधार के गेस्ट हाउस में लड़की को देखने के बाद रिश्ता हुआ तय
शिकायतकर्ता के अनुसार, 21 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ हरिपुरधार स्थित एक गेस्ट हाउस में पहुंचे। यहां लड़की को देखने के बाद दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हो गया। रिश्ता तय होने के बाद शादी की रस्म के तौर पर शिकायतकर्ता की मां ने युवती को कुछ गहने दिए। इन गहनों की कुल कीमत करीब 2.20 लाख रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अचानक जवान की तबीयत बिगड़ने से थमीं सांसे, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
युवती को सोने और हीरे के गहने देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, युवती को दिए गए गहनों में सोने का पेंडेंट, सोने की अंगूठी और हीरे की एक ईयर-रिंग शामिल थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि ये सभी गहने शादी का रिश्ता पक्का होने के बाद रस्म के तौर पर दिए गए थे। इसके अलावा रिश्ता करवाने वाले बिचौलिए अरविन्द को 31 हजार रुपये नकद देने की बात भी शिकायत में कही गई है।
अगले दिन शादी होने की बात कहकर दिल्ली जाने की थी तैयारी
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि रिश्ता तय होने के बाद युवती, उसकी मां और बिचौलिए ने उनके साथ दिल्ली चलने की बात कही थी। परिवार के मुताबिक, 22 अगस्त को शादी होनी थी, इसलिए सभी लोग दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान युवती और उसकी मां ने कहा कि उन्हें पहले नाहन मेडिकल कॉलेज में काम करने वाले युवती के चाचा से मिलना है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बाप-बेटी ने रचा इतिहास- एक साथ की पढ़ाई, बेटी बनी टॉपर, पिता ने हासिल किया तीसरा स्थान
चाचा से मिलने के बहाने नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचने का आरोप
शिकायत के अनुसार, युवती और उसकी मां चाचा से मिलने की बात कहकर नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। आरोप है कि मेडिकल कॉलेज जाने की बात सिर्फ एक बहाना था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों मां-बेटी गहने अपने साथ लेकर वहां से चली गईं और बाद में वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार को पूरे मामले पर शक हुआ।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मामला सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान युवती, उसकी मां और बिचौलिए से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिश्ता तय करने से लेकर गहने लेकर जाने तक पूरा घटनाक्रम किस तरह हुआ।
यह भी पढ़ें- पिता के फ़ोन का नहीं दिया जवाब- हॉस्टल में पड़ी मिली बेटे की देह, सदमे में परिवार
गहने कहां गए, इसकी भी जांच कर रही पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिकायत में बताए गए करीब 2.20 लाख रुपये के गहने फिलहाल कहां हैं। इसके अलावा पुलिस बिचौलिए की भूमिका और युवती व उसकी मां के साथ उसके संपर्क की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले के सभी पहलुओं को जांच के दायरे में रखा है।
SP NS नेगी ने की शिकायत मिलने की पुष्टि
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक NS नेगी ने मामले में शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की सच्चाई का पता लगाने में जुटी हुई है।
