#अपराध
August 22, 2026
हिमाचल : पिता के फ़ोन का नहीं दिया जवाब- हॉस्टल में पड़ी मिली बेटे की देह, सदमे में परिवार
पिता ने वार्डन को फोन कर बताया, बेटा फोन नहीं उठा रहा
शेयर करें:

सिरमौर। आजकल युवाओं में बढ़ता मानसिक तनाव चिंता का विषय बनता जा रहा है। कई बार तनाव के चलते युवा बेहद खौफनाक कदम उठा लेते हैं। ऐसा ही एक दुखद मामला जिला सिरमौर से सामने आया है, जहां आईआईएम सिरमौर के हॉस्टल में एक 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के धौलाकुआं स्थित IIM के नए कैंपस के हॉस्टल से सामने आया है। पुलिस के अनुसार छात्र के पिता ने हॉस्टल वार्डन को फोन किया था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा फोन नहीं उठा रहा है और उन्हें उसकी चिंता हो रही है।
पिता की सूचना के बाद हॉस्टल प्रबंधन ने छात्र के कमरे में जाकर स्थिति देखने की कोशिश की। जब कमरे के अंदर से छात्र दिखाई नहीं दिया तो प्रबंधन ने खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश किया।
कमरे के अंदर छात्र फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार कमरे में पंखे से चुन्नी लटकी हुई भी मिली। इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन ने बिना देरी किए छात्र को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान प्रारब्ध शुक्ला, 19 वर्ष, पुत्र अनुपम शुक्ला, निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारब्ध आईआईएम सिरमौर में बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (BMS) के तीन साल के स्नातक कोर्स की पढ़ाई कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही माजरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्र के कमरे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। अभी तक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और लैपटॉप भी कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों डिवाइस लॉक हैं। ऐसे में पुलिस तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र की मौत से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी और उसके साथ क्या परिस्थितियां थीं। पुलिस डिवाइस से मिलने वाली जानकारी को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
पुलिस को घटना की जानकारी आईआईएम धौलाकुआं के प्रशासनिक अधिकारी हुक्म चंद की ओर से दी गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस अब हॉस्टल प्रबंधन, छात्र के साथियों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों को भी जुटा रही है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह और घटना की पूरी परिस्थितियों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।
पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के शव गृह में रखवा दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की स्थिति को लेकर आगे की तस्वीर साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।