शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में लोअर बाजार में हुई करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। यहां दो महिलाएं एक व्यक्ति के बैग से कीमती गहने चोरी कर फरार हो गई थीं, जिन्हें पुलिस ने तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के आधार पर पकड़ लिया।

शिकायत के बाद थाना सदर में दर्ज हुआ केस

पुलिस के अनुसार, यह मामला 25 जून को थाना सदर शिमला में दर्ज किया गया था। शिकायत पवाओ निवासी खूब सिंह ठाकुर द्वारा दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि वह लोअर बाजार में खरीदारी करने आए थे, इसी दौरान अज्ञात महिलाओं ने उनके बैग से सोने और चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री का निधन, पांच बार जीते थे MLA का चुनाव- दिल्ली में ली अंतिम सांस

SSP के निर्देश पर बनी विशेष टीम, शुरू हुई जांच 

मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP शिमला के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके।

CCTV फुटेज से मिली अहम कड़ी

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे। CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं और उनकी गाड़ी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी की मूवमेंट को ट्रैक करना शुरू किया। जांच में सामने आया कि गाड़ी शिमला से निकलकर नारकंडा, लुहरी, कींगल, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर जैसे इलाकों से गुजरते हुए आगे बढ़ी थी। इस तकनीकी जांच ने पूरे मामले को सुलझाने में बड़ी भूमिका निभाई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल को 16वें वित्त आयोग से बड़ी सौगात, पहली किस्त में मिलेंगे 240 करोड़; पंचायतों की बल्ले-बल्ले

 

CCTV और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी महिलाएं 28 जून को पंजाब की सीमा में प्रवेश कर चुकी थीं। इसके बाद शिमला पुलिस की एक टीम तुरंत पंजाब के लिए रवाना की गई। लगातार ट्रैकिंग और जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों का लोकेशन पटियाला में फाइनल किया।

पटियाला में दबिश देकर 2 महिलाओं की गिरफ्तारी

शिमला पुलिस ने पटियाला में दबिश देकर दो महिलाओं चंद्रवती और रेखा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर शिमला लाया गया और कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 2 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

 

यह भी पढ़ें : ऑरेंट अलर्ट पर हिमाचल: मानसून के पहले ही दिन फटा बादल, पुल बहा; 44 सड़कें हो गई बंद

जांच में खुल सकते हैं और बड़े राज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या गिरफ्तार महिलाएं पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं में शामिल रही हैं या नहीं। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ कोई और गिरोह तो सक्रिय नहीं है, जो अलग-अलग राज्यों में इस तरह की वारदातों को अंजाम देता हो।

पुलिस की बड़ी कामयाबी

इस पूरे मामले को शिमला पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इतनी तेजी से CCTV, साइबर तकनीक और अंतरराज्यीय ट्रैकिंग के जरिए आरोपियों को पकड़ना आसान नहीं था।