#अपराध
November 9, 2026
पटाखे जलाने का विरोध करने पर बढ़ा झगड़ा

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि दो लोगों की जान चली गई। घटना ऊना से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव की है। यहां आरोप है कि एक व्यक्ति ने थार गाड़ी से कुचलकर पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात एक परिवार अपने घर के पास पटाखे जला रहा था। इसी दौरान उनके पड़ोसी ने पटाखे चलाने पर आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में आया पड़ोसी अपनी थार गाड़ी लेकर पहुंचा और पटाखे जला रहे परिवार के लोगों को गाड़ी से कुचल दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली पर घर जाने की थी जल्दी, ट्रेन की चपेट में आया श्रमिक; क*ट गया पैर
हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में भी शोक का माहौल है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी के साथ भी मारपीट की। इसमें वह भी घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए पीजीआई रेफर किए जाने की सूचना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली पर घर जाने की थी जल्दी, ट्रेन की चपेट में आया श्रमिक; क*ट गया पैर
घटना के बाद देर रात ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भी काफी हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और दंपती की मौत के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।
जिस दिवाली पर पूरा परिवार खुशियां मना रहा था, उसी रात एक विवाद ने दो लोगों की जिंदगी छीन ली। पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला मौत तक पहुंच गया। इस घटना से बदोली गांव सहित पूरे इलाके में दुख और दहशत का माहौल है।