मंडी। शराब के नशे में इंसान कब हैवान बन जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है।
गुस्से-नशे ने उजाड़ा परिवार
यहां एक बेटे ने गुस्से और नशे के असर में उस मां की जान ले ली, जिसने उसे जन्म दिया था। परिवार के भीतर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया और बीच-बचाव करने पहुंची मां को अपनी जान गंवानी पड़ी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में चिट्टे का सबसे बड़ा नेटवर्क ध्वस्त- पुलिस अफसर, कारोबारियों के बेटे समेत 22 गिरफ्तार
कलयुगी बेटे ने की मां की हत्या
जयदेवी क्षेत्र में शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 51 वर्षीय पार्वती देवी के रूप में हुई है, जो शिमला सचिवालय में कार्यरत थीं। पुलिस ने आरोपी बेटे खेमा राम को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के नशे में हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना के समय खेमा राम अपने पिता 61 वर्षीय खुबराम के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि पार्वती देवी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : फोरलेन पर ट्रक ने मचाई तबाही, 4 गाड़ियों को रौंद चालक फरार; मची चीख-पुकार
बीच-बचाव में आई मां
बताया जा रहा है कि मां के समझाने पर आरोपी बेटे की उनके साथ भी कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर खेमा राम ने पास पड़े एक भारी डंडे से अपनी मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पार्वती देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बीएसएल कॉलोनी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने पिता खुबराम की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी खेमा राम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस दर्दनाक वारदात के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
