#हादसा
June 22, 2026
हिमाचल : फोरलेन पर ट्रक ने मचाई तबाही, 4 गाड़ियों को रौंद चालक फरार; मची चीख-पुकार
CCTV फुटेज के सहारे तलाश में जुटी पुलिस टीम
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी चार गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में चारों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दो गाड़ियों को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच सोलन के आंजी-रबौण क्षेत्र में हुआ। फोरलेन के किनारे पार्क किए गए वाहनों को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही वाहन मालिकों ने पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ट्रक और उसके चालक की पहचान कर ली जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है, वहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। सड़क पर तीखा मोड़ होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में पहले भी कई दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।