शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के हौसले इस कदर बढ़ते जा रहे हैं कि वे अब पुलिस से बचने के लिए भागने तक की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते ऐसे आरोपी लगातार गिरफ्त में आ रहे हैं। ताजा मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को नशे और लाखों के कैश के साथ गिरफ्तार किया है।
गाड़ियों की हो रही थी चेकिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के मंडी-पठानकोट मार्ग का है। यहां पर पुलिस चौकी कंडवाल की टीम NH-154 पर गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जसूर की ओर से एक काले रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी।
यह भी पढ़ें : हाईकोर्ट ने सुक्खू सरकार को लगाया 10 लाख का जुर्माना, अदालती ढांचे में लापरवाही पर लगाई फटकार
पुलिस को देख भागने की कोशिश
पुलिस ने जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय अचानक पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। इस हरकत से पुलिस को शक हुआ और टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।
चिट्टा और नकदी बरामद
इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में स्पेयर टायर के नीचे छुपाकर रखा गया एक बैग बरामद हुआ। जब बैग को खोला गया तो उसमें से 1 किलो 256 ग्राम चरस मिली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी : इस हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करवा सकते हैं शिकायत
इसके अलावा बैग की जेब से 1 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में चरस और नकदी मिलने के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई और तुरंत पूरी खेप, नकदी और वाहन को जब्त कर लिया।
आरोपी की पहचान
पुलिस ने मौके पर ही चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान उम्र 52 साल राज कुमार निवासी तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी कुल्लू-मनाली क्षेत्र में एक ढाबा चलाता है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी इस नशे के कारोबार में कब से जुड़ा हुआ था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में घर बनाना हुआ और महंगा : लोगों को दोहरी मार- सीमेंट 15, सरिया 1000 रुपए उछला
आरोपी से पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नूरपुर में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
