हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में कई लोगों को विदेश भेजने का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाली एक महिला को पुलिस ने धर दबोचा है। बड़ी बात यह है कि इस मामले में पुलिस को दो साल बाद सफलता मिली है। मामला हमीरपुर जिला से सामने आया है। गिरफ्तार की गई महिला मुख्य आरोपी की बहन है और वह भी अपने भाई के साथ इस काम में उसकी साथी थी। पुलिस ने महिला को पंजाब के मोहाली जिला के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रही थी।

28 साल की युवती गिरफ्तार

गिरफ्तार महिला की पहचान 28 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है, जो गांव टिकोली तहसील डेरा बस्सी जिला मोहाली पंजाब की निवासी है। पुलिस के अनुसार वह जीरकपुर के ढकोली क्षेत्र में सैलून चलाने का कार्य करती थी, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही वह बार.बार ठिकाना बदलकर भाग रही थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के हक में सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, अब इस बिजली परियोजना से मिलेगी 18% रायल्टी

मुख्य आरोपी की बहन है युवती

मामले की जानकारी देते हुए हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि यह मामला वर्ष 2022 का है, जिसमें पीड़ितों से 15 लाख 28 हजार 700 रुपए की ठगी की गई थी। ठगी के इस नेटवर्क में महिला आरोपी प्रीति के भाई प्रिंस, जो इसी पते का निवासी है को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल अदालत से जमानत पर रिहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर फिर बढ़ी हलचल, CM सुक्खू के बाद डिप्टी सीएम दिल्ली पहुंचे

युवती के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी ठगी की राशि

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश के लिए प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर सेल को जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस टीम में शामिल रवि ठाकुर, मनोहर ठाकुर और उषा शर्मा ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को उसके ठिकाने से दबोच लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़िता के बैंक खाते में ठगी की कुल राशि 5 लाख 70 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस ने बताया कि यह रैकेट कबूतरबाजी यानी अवैध रूप से विदेश भेजने का लालच देकर लोगों से पैसे ऐंठने का काम करता था, जिसमें प्रिंस मुख्य कर्ताधर्ता था और उसकी बहन प्रीति इस कार्य में संलिप्त थी।

 

यह भी पढ़ें : सेब से लदे पेड़ों पर आरी चलाने से शिक्षा मंत्री नाखुश, CM सुक्खू को याद दिलाई वीरभद्र सरकार की नीति

हमीरपुर सदर थाना में मामला दर्ज

हमीरपुर सदर थाना में इस मामले को लेकर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार की गई महिला को अब अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस आगे की जांच में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस ठगी गिरोह से और कौन.कौन जुड़े हुए हैं। एसपी भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर पुलिस साइबर और आर्थिक अपराधों को लेकर गंभीर है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर की बड़ी पहल: आपदा पीड़ितों को खाद्य सामग्री सहित गद्दे, कंबल, बर्तन के भेजे दो ट्रक

 

हमीरपुर पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई न सिर्फ एक बड़ी ठगी को उजागर करती है, बल्कि युवाओं को जागरूक करने की भी जरूरत को रेखांकित करती है कि विदेश जाने के इच्छुक लोग वैध मार्ग अपनाएं और किसी भी एजेंट या दलाल पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।