ऊना। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ समय से कथित लुटेरी दुल्हनों के मामले लगातार चर्चा में रहे हैं। कई घटनाओं में शादी के नाम पर परिवारों को निशाना बनाया गया और नवविवाहिता के घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद नकदी व गहने लेकर फरार होने के आरोप सामने आए। इसी तरह का एक नया मामला अब ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र से सामने आया है, लेकिन इस बार यह लूटेरी दुल्हन दूल्हा पक्ष की सतर्कता के चलते धोखा खा गई और घर से नकली जेवर लेकर फरार हो गई। हालांकि उसे कुछ ही दूरी पर मां के साथ पकड़ लिया गया।
शादी के कुछ घंटों बाद ही घर से हुई गायब
मामला गगरेट उपमंडल के एक गांव का है, जहां पंजाब से विवाह कर लाई गई नवविवाहिता शादी की रस्में पूरी होने के कुछ ही घंटों बाद अचानक घर से लापता हो गई। परिवार के लोगों को जब उसकी गैरमौजूदगी का पता चला तो घर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दुल्हन रात के समय चुपचाप घर से निकल गई थी और उसके साथ उसकी मां भी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लाखों के चिट्टे संग चार युवक धरे, तोड़ा नशे का बड़ा नेटवर्क
पहले की घटनाओं से सतर्क था दूल्हा पक्ष
परिवार का कहना है कि हाल के महीनों में सामने आए ऐसे मामलों को देखते हुए उन्होंने पहले ही सावधानी बरती थी। कथित तौर पर नवविवाहिता को असली आभूषणों की जगह नकली गहने पहनाए गए थे। परिवार के सदस्यों के अनुसार दुल्हन बार-बार गहनों के बारे में पूछताछ कर रही थी और यह जानने का प्रयास कर रही थी कि वे असली हैं या नहीं। दूल्हा पक्ष का दावा है कि उसे यह विश्वास दिलाया गया कि गहने असली हैं, जिसके बाद उसने उन्हें लेकर घर से निकलने की योजना बनाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की जनता को झटका: सस्ते राशन डिपो से चीनी - एक दाल गायब! सरसों तेल के भी बढ़े दाम
मां-बेटी को रास्ते में ही पकड़ लिया गया
जैसे ही परिवार को दुल्हन के घर से निकलने की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ ही दूरी पर दुल्हन और उसकी मां पैदल जाते हुए दिखाई दे गईं। परिवार के लोगों ने दोनों को रोक लिया और बाद में पूरा मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते पीछा नहीं किया जाता तो मामला पहले की घटनाओं की तरह बड़ी ठगी में बदल सकता था।
नकली गहनों की सच्चाई सामने आई तो रह गई हैरान
परिवार का दावा है कि जब नवविवाहिता को यह पता चला कि जिन गहनों को वह कीमती समझकर ले जा रही थी, वे वास्तव में कृत्रिम थे, तो वह हैरान रह गई। यही कारण रहा कि इस बार कथित तौर पर ठगी की पूरी योजना धरी की धरी रह गई और दूल्हा पक्ष को आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़ा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला : अब नहीं झुकेंगे स्कूली बच्चों के कंधे, नए नियमों के साथ निर्देश जारी
पुलिस के समक्ष पहुंचा मामला
दोनों पक्षों को बाद में पुलिस थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ की गई। नवविवाहिता अपने पति के साथ न रहने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सकी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया और किसी प्रकार की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई।
क्षेत्र में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इलाके में शादी के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ मामलों में नकदी और आभूषण लेकर फरार होने के आरोप लगे हैं, जिनकी जांच अभी भी जारी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें : केरल आपदा में हिमाचल के दूसरे इंजीनियर की मौ*त : 6 दिन बाद मिली देह, कल होगा संस्कार
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से विवाह संबंध तय करते समय पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि किसी भी रिश्ते को अंतिम रूप देने से पहले संबंधित परिवार की पूरी जानकारी और पृष्ठभूमि की जांच अवश्य करनी चाहिए। साथ ही अनजान बिचौलियों के माध्यम से रिश्ते तय करने से बचना चाहिए। पुलिस का मानना है कि जागरूकता और सतर्कता के जरिए ही ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है और परिवारों को संभावित ठगी से बचाया जा सकता है।
