शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक युवती के साथ कथित धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही मित्र पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।

युवती पहुंची पुलिस थाने

जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने रामपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। युवती का कहना है कि आरोपी युवक कुमारसैन क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई थी- जो कि बाद में प्रेमी-प्रेमिका के रिश्ते में बदल गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में 100 और स्कूल होंगे बंद : दूरदराज इलाकों में बढ़ेगी परेशानी, सरकार के फैसले से नाराज

शादी का वादा कर कई बार की नीचता

पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया था। इसी विश्वास के आधार पर वह उसके संपर्क में रही, लेकिन आरोपी ने इस रिश्ते का फायदा उठाकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। युवती का कहना है कि आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, जिससे उसे उस पर भरोसा बना रहा।

किराए के कमरे में बुलाया

शिकायत में युवती ने बताया कि 16 अप्रैल को आरोपी ने नोगली स्थित अपने किराए के कमरे में उसे बुलाया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद जब युवती ने विवाह को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा- तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की ये पंचायत दूसरी बार चुनी गई निर्विरोध : रिटायर्ड टीचर को बनाया प्रधान

जांच में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ BNS की धारा 69 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें