ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनके 23 साल के बेटे का कमरे में शव मिला। युवक किराये के कमरे में रहता था और मिस्त्री का काम करता था। युवक ने अपनी जिंदगी क्यों समाप्त की, यह एक बड़ी पहेली बनी हुई है। जिसे सुलझाने का पुलिस भी प्रयास कर रही है। 

 

मामला ऊना जिला के हरोली उपमंडल से सामने आया है। यहां बाथड़ी गांव में महज 23 वर्षीय प्रवासी युवक का शव उसके किराए के कमरे में मिला। घटना का पता चलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जिंदगी की शुरुआत में ही युवक की इस तरह मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बिहार का रहने वाला था युवक

मृतक युवक की पहचान बिलास कुमार (23) पुत्र मोहिंदर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव नजीरा, जिला मुंगेर, बिहार का रहने वाला था। बताया गया है कि वह अपने परिवार से दूर हिमाचल प्रदेश में रोजी-रोटी कमाने आया था और बाथड़ी में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। युवक पेशे से मिस्त्री का काम करता था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब ऑनलाइन आएगा पानी का बिल, गांवों में भी होगी वसूली; दूरदराज इलाकों को ही छूट

कमरे में इस हालत में मिला युवक

जानकारी के मुताबिक, टाहलीवाल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बाथड़ी में एक युवक ने फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में ले लिया। युवक की मौत की खबर सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बन गया। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 23 वर्षीय युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। हालांकि, अभी तक मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में जल्द होगी 300 डॉक्टरों और 200 नर्सों की भर्ती, अस्पतालों में सीधे मिलेगी तैनाती

वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने पहुंची फोरेंसिक टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच को और पुख्ता करने के लिए आरएफएसएल धर्मशाला की टीम को घटनास्थल पर बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके की बारीकी से जांच की और वहां से आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस हर संभव जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

 

यह भी पढ़ें: पतंग उड़ाते समय सीढ़ियों से खड़े सरिया पर गिरा युवक, पेट में घुसा- मची चीख-पुकार

परिवार को दी गई दुखद सूचना

युवक के परिवार को इस घटना की सूचना दे दी गई है। बिलास कुमार के परिवार के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। जिस बेटे को परिवार से दूर रोजगार की तलाश में हिमाचल भेजा गया था, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार अब पोस्टमार्टम और पुलिस जांच की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहा है। युवक की मौत के पीछे कोई व्यक्तिगत, पारिवारिक, आर्थिक या अन्य कारण था या नहीं, इसका पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।

 

यह भी पढ़ें: पैरापिट तोड़ ब्यास नदी में गिरी सब्जियों से भरी बोलेरो, चालक का कोई सुराग नहीं

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

टाहलीवाल थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल पर मौजूद गवाहों के बयानों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल 23 वर्षीय युवक की मौत ने बाथड़ी क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें