#यूटिलिटी
August 29, 2026
हिमाचल में अब ऑनलाइन आएगा पानी का बिल, गांवों में भी होगी वसूली; दूरदराज इलाकों को ही छूट
कई जगह मीटर नहीं, औसत खपत के आधार पर आता है बिल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पानी के बिल को लेकर अब बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सरकार ने बिलिंग और भुगतान की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का फैसला लिया है। अब ग्रामीण इलाकों में भी पानी के बिल ऑनलाइन ही वसूले जाएंगे। हालांकि, इंटरनेट या तकनीकी सुविधा की गंभीर समस्या वाले दूरदराज के क्षेत्रों को विशेष परिस्थिति में छूट दी जाएगी।
प्रदेश में अभी सभी पानी के कनेक्शनों पर मीटर नहीं लगे हैं। ऐसे में कई उपभोक्ताओं को पानी की औसत खपत के हिसाब से बिल दिया जाता है। विभाग के अनुसार, मैनुअल बिलिंग के कारण नए, बंद कनेक्शन और जमा किए गए पैसों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी होने की आशंका रहती है। इससे पहले से जमा ऑनलाइन या एडवांस राशि की दोबारा वसूली भी हो सकती है।
नकद भुगतान पर भी सख्ती
यह भी पढ़ें: हिमाचल में जल्द होगी 300 डॉक्टरों और 200 नर्सों की भर्ती, अस्पतालों में सीधे मिलेगी तैनाती
अगर किसी मजबूरी में ऑफलाइन बिल काटना पड़ता है तो कर्मचारी को पहले ऑनलाइन और एडवांस भुगतान का रिकॉर्ड चेक करना होगा। बिल पर उपभोक्ता का कंज्यूमर अकाउंट नंबर दर्ज करना जरूरी होगा। एडवांस में जमा राशि को भी पहले ही बिल में एडजस्ट करना होगा। अधिकारियों की मंजूरी के बिना नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऑफलाइन बिल जारी होने के बाद जैसे ही सिस्टम उपलब्ध होगा, उसी अवधि का ऑनलाइन बिल भी तैयार करना होगा। दोनों बिलों में कंज्यूमर अकाउंट नंबर, बिल की अवधि, पानी की खपत और जमा की जाने वाली राशि का मिलान किया जाएगा। ऑफलाइन जमा हुए पैसों को भी ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज करना होगा।
यह भी पढ़ें: पतंग उड़ाते समय सीढ़ियों से खड़े सरिया पर गिरा युवक, पेट में घुसा- मची चीख-पुकार
अगर किसी उपभोक्ता से एक ही बिल के पैसे दो बार वसूले गए तो इसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। सहायक अभियंता यानी एसडीओ को दोहरी वसूली रोकने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अधिशासी अभियंता बिल, भुगतान और बकाया राशि का नियमित रूप से मिलान करेंगे। किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई हो सकती है।
विभाग ने साफ किया है कि वास्तविक आपात स्थिति को छोड़कर ऑनलाइन बिलिंग व्यवस्था से हटने को गंभीरता से लिया जाएगा। विभाग का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था से बिलिंग में पारदर्शिता आएगी और पैसे की दोहरी वसूली जैसी समस्या को भी कम किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: पैरापिट तोड़ ब्यास नदी में गिरी सब्जियों से भरी बोलेरो, चालक का कोई सुराग नहीं
उपभोक्ताओं के लिए HP-Water Bill ऐप की सुविधा भी उपलब्ध है। इस ऐप के जरिए पानी का बिल जमा करने के साथ एडवांस या इंस्टेंट पेमेंट किया जा सकता है। इसके अलावा पुराने बिलों की जानकारी और भुगतान की रसीद भी देखी जा सकती है।