#हादसा
August 29, 2026
हिमाचल: पैरापिट तोड़ ब्यास नदी में गिरी सब्जियों से भरी बोलेरो, चालक का कोई सुराग नहीं
सड़क किनारे बिखरी मिली सब्जियां
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पंडोह से आगे 6 मील के पास एक बोलेरो कैंपर गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगा पैरापिट तोड़ते हुए ब्यास नदी में जा गिरी। जिसके बाद अफरा तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार युवक वीरवार शाम लाहौल से सब्जियों की खेप लेकर पंजाब के लिए निकला था। उसे शुक्रवार सुबह पंजाब की सब्जी मंडी पहुंचना था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: आज कई इलाकों में बरसेंगे मेघ- 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट
जब युवक तय समय पर पंजाब की सब्जी मंडी नहीं पहुंचा और उसका फोन भी बंद आने लगा, तो वहां के आढ़तियों ने उसके भाई बालक राम को फोन कर जानकारी दी। भाई के बारे में यह खबर मिलते ही बालक राम परेशान हो गया और शुक्रवार सुबह खुद उसकी तलाश में निकल पड़ा।
बालक राम हाईवे पर रमेश को तलाशते हुए पंडोह से आगे 6 मील के पास पहुंचा। वहां उसने देखा कि सड़क किनारे लगा पैरापिट टूटा हुआ था और ब्यास नदी के किनारे सब्जियां बिखरी पड़ी थीं। यह देखकर उसे अंदेशा हुआ कि शायद बोलेरो कैंपर नदी में गिर गई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: बहू ने बांधे हाथ.... कलियुगी बेटे ने आंखों में डाला मिर्ची पाउडर, फिर बुजुर्ग पिता की जमकर.....
घटना का पता चलते ही बालक राम ने तुरंत पंडोह पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और लापता चालक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लापता चालक की पहचान रमेश चंद्र पुत्र जगत राम के रूप में हुई है। वह मंडी जिले की औट तहसील के लगसाल गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
ब्यास नदी का बहाव काफी तेज बताया जा रहा है, जिसके कारण अभी तक गाड़ी और चालक रमेश चंद्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और अन्य टीमें नदी के आसपास तलाश कर रही हैं। फिलहाल चालक के सुरक्षित होने की उम्मीद में सर्च ऑपरेशन जारी है