सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (BBN) इन दिनों एक बड़े संकट से जूझ रहा है। 11 मार्च से कमर्शियल LPG सिलेंडरों की रिफिलिंग पर लगी रोक ने यहां के उद्योगों, ढाबों, होटलों और कैंटीनों की रफ्तार लगभग थाम दी है।

रोजी-रोटी पर सीधा असर

हजारों मजदूरों और कारोबारियों की रोजी-रोटी पर इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। दरअसल, BBN क्षेत्र में करीब 4,000 से 5,000 छोटे-बड़े उद्योग स्थापित हैं। इनमें बड़ी संख्या उन इकाइयों की है, जहां कर्मचारियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था कैंटीनों और ठेकेदारों के जरिए की जाती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दरकी पहाड़ी : घरों पर गिरा भारी मलबा, लोगों में दहशत; मची चीख-पुकार

उद्योगों की रफ्तार पर ब्रेक

सिलेंडर की सप्लाई ठप होने से यह पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। बताया जा रहा है कि 30 प्रतिशत से ज्यादा ढाबे और छोटे होटल पूरी तरह बंद हो चुके हैं, जबकि बाकी जगहों पर काम सीमित स्तर पर चल रहा है।

 

मजदूरों के सामने खाने का संकट

फैक्टरियों में काम करने वाले हजारों मजदूरों के सामने अब भोजन का संकट खड़ा हो गया है। कैंटीनों में खाना बनना बंद होने से कई जगह मजदूरों को बाहर से महंगा खाना खरीदना पड़ रहा है या फिर खुद ही जुगाड़ करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई लोग लकड़ी के चूल्हों पर खाना बनाने को मजबूर हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे संग धरा व्यक्ति, नवरात्र के पहले दिन करने निकला था धंधा

बारिश ने बढ़ाई मुश्किल

पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। लकड़ी के सहारे खाना बनाने की कोशिश भी अब नाकाम हो रही है, क्योंकि गीली लकड़ी जल नहीं पा रही। ऐसे में न तो ढाबों में खाना बन पा रहा है और न ही कैंटीनों में। इसका सीधा असर मजदूरों की सेहत और कामकाज पर पड़ रहा है।

 

ठेकेदारों की बढ़ती चिंता

कैंटीन ठेकेदार जनक राज ने बताया कि 11 मार्च के बाद से एक भी कमर्शियल सिलेंडर एजेंसी से नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि उनके जैसे ठेकेदारों को हर महीने 100 से ज्यादा सिलेंडरों की जरूरत होती है, लेकिन सप्लाई पूरी तरह बंद है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एंबुलेंस बनी डिलीवरी रूम : अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने जन्मी बेटी

कैंटीन बंद करने की नौबत

 ऐसे में अब उनके सामने कैंटीन बंद करने की नौबत आ गई है। उनका कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो हजारों मजदूरों की नौकरी पर संकट आ सकता है और फैक्ट्रियों का उत्पादन भी प्रभावित होगा।

 

नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर

स्थानीय निवासी डीडी राणा ने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की कमी ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र को प्रभावित कर दिया है। उन्होंने बताया कि देशभर में किसी बड़े कारण से यह संकट पैदा हुआ हो सकता है, लेकिन बीबीएन जैसे औद्योगिक हब में इसका असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। यहां हजारों परिवारों की आजीविका उद्योगों और उनसे जुड़े कारोबार पर निर्भर है।

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! आज पूरा दिन होगी भारी बारिश-बर्फबारी, तेज आंधी-तूफान का भी अलर्ट

बंद होने की कगार पर कारोबार

वहीं, संजीव कुमार का कहना है कि खाने-पीने से जुड़े करीब 75 प्रतिशत कारोबार बंद होने की कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की कमी और लगातार बारिश ने हालात को बेहद खराब कर दिया है। मजदूरों को समय पर भोजन नहीं मिल पा रहा और ठेकेदारों को अपने कारोबार के बंद होने की चिंता सता रही है।

 

सरकार से समाधान की मांग

प्रभावित लोगों ने CM सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि कमर्शियल LPG सिलेंडरों की आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए- ताकि उद्योगों की रफ्तार फिर से पटरी पर लौट सके और मजदूरों को राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें : नवरात्रों में शिकारी माता का दरबार सूना, नहीं पहुंचा एक भी श्रद्धालु- जानें क्यों?

बड़े संकट की आहट

BBN जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह की स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है, तो इसका असर केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। फिलहाल, सभी की नजरें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं, क्योंकि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो यह संकट और गहरा सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें