#अव्यवस्था
October 16, 2026
हिमाचल : डिलीवरी के दौरान नवजात की टूटी टांग, पिता ने डॉक्टर पर जड़े लापरवाही के आरोप
पिता ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सिजेरियन डिलीवरी के दौरान नवजात बच्ची की टांग टूटने का आरोप लगा है। बच्ची के पिता ने अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सोलन निवासी विकास का आरोप है कि उनकी पत्नी की 10 अक्तूबर को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें बच्ची को लेबर रूम ले जाने के लिए कहा। इसके बाद उन्हें बच्ची को इंजेक्शन लगवाने के लिए कहा गया।
विकास के मुताबिक, जब वह बच्ची को इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारी ने बच्ची की टांग में सूजन होने की बात कही। कर्मचारी ने सूजन के कारण इंजेक्शन लगाने से मना कर दिया और एक्स-रे करवाने को कहा। जब बच्ची का एक्स-रे करवाया गया तो उसकी टांग टूटी होने की बात सामने आई।
पिता का कहना है कि जब उन्होंने इस बारे में संबंधित डॉक्टर से बात की तो उनका व्यवहार ठीक नहीं था। इसके बाद बच्ची को इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाने की सलाह दी गई। विकास के अनुसार, उसी दिन उनके माता-पिता और भाई बच्ची को लेकर आईजीएमसी शिमला पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
विकास ने आरोप लगाया कि बच्ची को आईजीएमसी शिमला ले जाने के दौरान अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में डीसी और एसपी से भी शिकायत कर जांच की मांग उठाई है।
मामले को लेकर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के प्रशासन ने जांच कमेटी का गठन किया है। अस्पताल के एमएस डॉ. राकेश पंवर के मुताबिक, डॉ. संजीव जैन की अगुवाई में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी को दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।