#अपराध
March 20, 2026
हिमाचल पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे संग धरा व्यक्ति, नवरात्र के पहले दिन करने निकला था धंधा
गश्त पर थी पुलिस टीम, कार में खेप लेकर जा रहा था व्यक्ति
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में तेजी से बढ़ रही नशा तस्करी, खासकर चिट्टा (हेरोइन) का फैलता जाल, पुलिस और समाज दोनों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहे इस खतरनाक नशे के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान तेज किया गया है।
इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। जिसने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि नशे के सौदागर अब छोटे-छोटे नेटवर्क के जरिए अपने मंसूबे पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। पूरे हिमाचल में जहां एक तरफ नवरात्रों की धूम मची हुई है- वहीं, नशा तस्कर ऐसे मौकों पर भी काले कारोबार में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना सदर क्षेत्र में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान पट्टा फोरलेन पर एक संदिग्ध मारुति कार नंबर HP31-9489 को जांच के लिए रोका गया। नियमित चेकिंग के दौरान जब वाहन की तलाशी ली गई- तो चालक के कब्जे से 20.30 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुई। बरामदगी के बाद मौके पर ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सीता राम पुत्र देवी राम के रूप में हुई है- जो कि छपरोल गांव, मंडी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी इस नशे को कहां से लेकर आया था और इसे किस नेटवर्क के जरिए आगे सप्लाई किया जाना था।

मामले की पुष्टि करते हुए SP बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें दिन-रात निगरानी कर रही हैं और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें। यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या किसी व्यक्ति पर नशा तस्करी का संदेह हो, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयास से ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
गौरतलब है कि बिलासपुर पुलिस द्वारा हाल के दिनों में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लगातार धरपकड़ की जा रही है और कई मामलों में सफलता भी मिल रही है। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल तस्करों में डर पैदा होगा, बल्कि युवाओं को भी इस जाल में फंसने से बचाया जा सकेगा।
प्रदेश में बढ़ती चिट्टा तस्करी ने जिस तरह से हालात को गंभीर बनाया है, उसे देखते हुए यह कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आने वाले समय में पुलिस की सख्ती और जनसहयोग से इस खतरे पर काबू पाने की उम्मीद जताई जा रही है।