#यूटिलिटी

March 20, 2026

सावधान हिमाचल! आज पूरा दिन होगी भारी बारिश-बर्फबारी, तेज आंधी-तूफान का भी अलर्ट

कई जिलों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी

शेयर करें:

Himachal Weather Today

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए एक बार फिर कड़ाके की ठंड का अहसास करा दिया है। बीते करीब 35 घंटों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

मार्च में जनवरी जैसी ठंड

मार्च के महीने में जहां आमतौर पर हल्की गर्माहट शुरू हो जाती है, वहीं इस बार मौसम ने दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड वापस लौटा दी है। राज्य के कई इलाकों में सुबह-शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दलदल में बुरी तरह फंसी महिला, मसीहा बने मछुआरे- खुद की परवाह किए बिना बचाई जान

बर्फ से लदे पहाड़

खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछने से ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आज भी हालात को गंभीर मानते हुए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के चार जवान गिरफ्तार, तस्करों संग मिल बेच रहे थे LSD- जानें कैसे खुली पोल

जमकर होगी बारिश-बर्फबारी

तेज हवाओं के कारण पेड़ों के गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं बिलासपुर, कुल्लू और सोलन जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश और मौसम के खराब बने रहने की चेतावनी दी गई है।

लोगों से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों को साफ तौर पर सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, खासकर पहाड़ी और संवेदनशील मार्गों पर जाने से परहेज करें। भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सड़क मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पुलिस वाले ही निकले नशा तस्कर...LSD मामले में चार निलंबित, जांच में हुए कई बड़े खुलासे

किसानों-बागवानों को चिंता

किसानों और बागवानों के लिए भी यह मौसम चिंता का कारण बना हुआ है, क्योंकि ओलावृष्टि और तेज हवाएं फसलों और फलदार पेड़ों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के पीछे सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस मुख्य कारण है।

कब साफ होगा मौसम?

हालांकि, राहत की बात यह है कि कल से इसका असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा। इसके बाद केवल अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ही हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना रह जाएगी, जबकि मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में निकली बंपर भर्ती : 36 हजार तक मिलेगी सैलरी, एक क्लिक में यहां जानें सब कुछ

तापमान पर पड़ा असर

लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर तापमान पर पड़ा है। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ठंडी हवाओं और नमी के कारण सर्दी का असर और तीखा महसूस हो रहा है।

सतर्क रहने की सलाह

फिलहाल, हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर सख्त बने हुए हैं और आने वाले 24 घंटों तक स्थिति में ज्यादा सुधार की उम्मीद नहीं है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और सुरक्षित रहने की आवश्यकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख