मंडी। हिमाचल प्रदेश की बेटियां आज अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। कहा जाता है कि यदि मन में कुछ बड़ा करने का जज्बा हो और लक्ष्य को हासिल करने की दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो दुनिया की कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती। इस बात को हिमाचल प्रदेश की एक बेटी ने सच साबित कर दिखाया है। मंडी जिले के संधोल क्षेत्र से संबंध रखने वाली प्रिया ठाकुर ने कनाडा की सेना में भर्ती होकर एक नई मिसाल कायम की है।
प्रिया की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए भी गर्व का अवसर पैदा किया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि पहाड़ों की बेटियां आज वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने में किसी से पीछे नहीं हैं।
संधोल की बेटी ने रचा इतिहास
प्रिया ठाकुर का मूल संबंध मंडी जिले की संधोल तहसील के बैरी गांव से है। हालांकि उनका परिवार वर्तमान में पंजाब के फगवाड़ा में निवास करता है। बचपन से ही अनुशासन और देश सेवा की भावना रखने वाली प्रिया ने अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार मेहनत की और आखिरकार कनाडा आर्मी में जगह बनाने का सपना पूरा कर लिया। उनकी इस उपलब्धि की चर्चा अब हिमाचल से लेकर पंजाब तक हो रही है। स्थानीय लोग और क्षेत्रवासी इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले छह दिन जमकर बरसेगी आफत, तेज बारिश के साथ चलेगा आंधी-तूफान; अलर्ट जारी
कठिन चयन प्रक्रिया को किया पार
कनाडा आर्मी में भर्ती होना आसान नहीं माना जाता। इसके लिए शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और कई स्तरों की कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। प्रिया ने इन सभी चुनौतियों का डटकर सामना किया और अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। परिवार के अनुसार सेना में भर्ती के लिए आवेदन करने के बाद उन्होंने पूरी लगन और समर्पण के साथ तैयारी की। कठिन परीक्षाओं और विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद उन्हें सेना में चयनित किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खो दिया 8 आ*तंकि.यों को ढेर करने वाला वीर सपूत; राष्ट्रपति ने शौर्य चक्र से नवाजे थे अमित
माइनस तापमान में पूरी की कठिन ट्रेनिंग
चयन के बाद प्रिया को बेहद कठिन सैन्य प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा। बर्फीले मौसम, माइनस डिग्री तापमान और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने प्रशिक्षण पूरा किया। शारीरिक और मानसिक रूप से कठिन माने जाने वाले इस प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अब उनकी नियमित तैनाती भी हो चुकी है। प्रिया की इस उपलब्धि को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि विदेशी सेना में जगह बनाना और वहां की कठोर ट्रेनिंग को सफलतापूर्वक पूरा करना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की गाड़ी का काटा चालान, सवार थी प्रतिभा सिंह; सील्ड रोड पर बिना परमिट दौड़...
परिवार को बेटी पर गर्व
प्रिया के पिता बलबीर सिंह ठाकुर ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उसकी मेहनत और समर्पण का परिणाम आज पूरे परिवार के सामने है। उन्होंने बताया कि प्रिया ने हमेशा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा और कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया। वहीं उनकी माता प्रवीण ठाकुर, जो फगवाड़ा में पार्षद हैं, ने भी बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त किया। परिवार का कहना है कि प्रिया की उपलब्धि अन्य युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
यह भी पढ़ें : ना शराब बांटी- ना ही बकरा काटा : दो दोस्तों के साथ किया प्रचार और चुनाव जीता हिमाचल का पत्रकार
हिमाचल की बेटियां बन रहीं नई प्रेरणा
पिछले कुछ वर्षों में हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने शिक्षा, खेल, प्रशासन, सेना, विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब प्रिया ठाकुर ने कनाडा आर्मी में शामिल होकर इस सूची में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
