#यूटिलिटी

June 2, 2026

हिमाचल में अगले छह दिन जमकर बरसेगी आफत, तेज बारिश के साथ चलेगा आंधी-तूफान; अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए जारी की चेतावनी, गर्मी से मिलेगी राहत

शेयर करें:

Himachal Pradesh Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम के तेवर तीखे रहने वाले हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश, तेज आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की है। तीन जून से सात जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में लगातार मौसम खराब बना रहेगा। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम और अधिक ठंडा हो सकता है।

चार दिन येलो अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं

मौसम विभाग ने 3 जून से 6 जून तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करने की सलाह दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खो दिया 8 आ*तंकि.यों को ढेर करने वाला वीर सपूत; राष्ट्रपति ने शौर्य चक्र से नवाजे थे अमित

इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा असर

  • 3 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
  • 4 जून को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
  • 5 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला जिलों में मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
  • 6 जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में तेज बारिश और आंधी की आशंका जताई गई है।

तापमान में आएगी और गिरावट

बारिश के इस लंबे दौर का असर प्रदेश के तापमान पर भी पड़ेगा। कई जिलों में अधिकतम तापमान पहले ही सामान्य से नीचे चल रहा है और आने वाले दिनों में इसमें और कमी दर्ज की जा सकती है।

 

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की गाड़ी का काटा चालान, सवार थी प्रतिभा सिंह; सील्ड रोड पर बिना परमिट दौड़...

 

चंबा में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री से अधिक नीचे रिकॉर्ड किया गया है, जबकि कांगड़ा, ऊना और शिमला सहित कई क्षेत्रों में भी सामान्य तापमान की तुलना में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि लगातार बारिश के कारण अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।

किसानों और बागवानों के लिए राहत की उम्मीद

लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों और बागवानों के लिए यह मौसम राहत लेकर आ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर होने वाली बारिश से खेतों में नमी बनी रहेगी और कई फसलों को फायदा मिलेगा। हालांकि तेज हवाओं और तूफान की स्थिति में बागवानी क्षेत्रों में कुछ नुकसान की आशंका भी बनी रहेगी।

पर्यटक ले रहे सुहावने मौसम का आनंद

प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर इन दिनों मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है। शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी और कांगड़ा सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे पर्यटक ठंडी हवाओं और रुक-रुक कर हो रही बारिश का आनंद ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें : ना शराब बांटी- ना ही बकरा काटा : दो दोस्तों के साथ किया प्रचार और चुनाव जीता हिमाचल का पत्रकार

बारिश से पहाड़ों की हरियाली और निखर गई है, जिससे पर्यटक स्थलों की खूबसूरती और बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग ने पर्यटकों को भी मौसम संबंधी चेतावनियों का ध्यान रखने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

प्रशासन ने भी बढ़ाई सतर्कता

लगातार बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासनों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील सड़कों और नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी छह दिन प्रदेश में मौसम पूरी तरह सक्रिय रहेगा और अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख