शिमला। हिमाचल प्रदेश के खेल परिदृश्य में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। हिमाचल के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पांच बार सांसद चुने गए और पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को आज सर्वसम्मति से हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ का अध्यक्ष चुना गया है। अनुराग ठाकुर को हिमाचल ओलंपिक संघ की जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया है।
हिमाचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष बने अनुराग
दरअसल आज रविवार को हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ की वार्षिक आम बैठक राजधानी शिमला में आयोजित की गई। जिसमें राज्य भर के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस बैठक का मुख्य आकर्षण था नए अध्यक्ष और कार्यकारिणी का चुनाव, जिसमें हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।
अनुराग ठाकुर को यह जिम्मेदारी मिलना हिमाचल प्रदेश के खेल क्षेत्र के लिए बड़ी उम्मीद और चुनौती दोनों ही लेकर आया है। नवनिर्वाचित टीम में 17 सदस्य शामिल हैं, जिन्होंने हिमाचल में खेलों के विकास और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी नौकरी का इंतजार खत्म, HPRCA इस दिन से शुरू करेगा सैंकड़ों पदों पर भर्ती प्रक्रिया
नई कार्यकारिणी और प्रमुख पदाधिकारी
अध्यक्ष: अनुराग ठाकुर
मुख्य संरक्षक: निवर्तमान अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर
वरिष्ठ उपाध्यक्ष: विधायक बलबीर वर्मा
महासचिव: राजेश भंडारी
कोषाध्यक्ष: अमिताभ शर्मा
उपाध्यक्ष: ईश्वर रोहल, उषा बरोवालिया, नरेंद्र अत्री
संयुक्त सचिव: राज कुमार निट्टू, डॉ. राहुल पठानिया, रमेश चौहान
यह भी पढ़ें: एक्शन में हिमाचल ड्रग विभाग: 5 फार्मा यूनिट पर की बड़ी कार्रवाई; कफ सिरप से अब तक 11 बच्चो की गई जा*न
अध्यक्ष बनने के बाद क्या बोले अनुराग ठाकुर
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद और हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनका फोकस हिमाचल में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करना है। इसके अलावा खेलों में प्रदेश की युवा पीढ़ी को निखारना और प्रशिक्षकों की संख्या बढ़ाना रहेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हिमाचल प्रदेश ऊंचाई और धीरज वाले खेलों के लिए प्राकृतिक रूप से सक्षम है और इन्हें खेल विकास एजेंडे में विशेष प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: खाई में गिरी श्रद्धालुओं की थार, अमृतसर से आ रहे थेे चिंतपूर्णी मंदिर; चार थे सवार
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमें हिमाचल प्रदेश में एक आत्मनिर्भर मॉडल तैयार करना है, जिसमें खेलों का विकास, प्रबंधन और युवा प्रतिभाओं की पहचान सुनिश्चित हो। यह टीम मिलकर पारदर्शी, प्रभावी और दूरदर्शी खेल प्रशासन सुनिश्चित करेगी। हम हिमाचल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों का एक प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम करेंगे।
खेलों में नई उम्मीदें और जिम्मेदारियां
सांसद अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को हिमाचल प्रदेश में खेलों के समग्र विकास, ओलंपिक खेलों में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और युवा प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। भविष्य की योजनाओं में जमीनी स्तर पर खेलों की भागीदारी बढ़ाना, प्रशिक्षण सुविधाओं को उन्नत बनाना और प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय मानक की प्रतियोगिताओं का आयोजन शामिल है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : सुबह-सवेरे कार में चिट्टे की खेप लेकर निकले, युवती समेत तीन हुए गिरफ्तार
हमीरपुर सांसद की बड़ी भूमिका
अनुराग ठाकुर के नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों और खेल जगत में उम्मीदें बहुत बड़ी हैं। उनका अनुभव, संगठन क्षमता और राजनीतिक समर्थन हिमाचल प्रदेश को खेलों में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा। सदस्यों और अधिकारियों का मानना है कि अनुराग ठाकुर की सक्रिय भागीदारी हिमाचल प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान दिलाने में निर्णायक साबित होगी।
