#उपलब्धि
October 1, 2026
हिमाचल : जिस पद से रिटायर हुए पिता, उसी पद पर अब बेटा देगा सेवाएं; नौसेना में कमांडर बना रोहित
पिता भी नौसेना में रहकर कर चुके हैं देश सेवा
शेयर करें:

सोलन। जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के बलयाना गांव के रहने वाले रोहित दड़ोच ने भारतीय नौसेना में कमांडर के पद पर बड़ा मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे बरोटीवाला और दून क्षेत्र में खुशी का माहौल है। रोहित की सफलता पर क्षेत्र के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
रोहित दड़ोच को देश सेवा का जज्बा अपने पिता सुच्चा सिंह से मिला है। उनके पिता भी भारतीय नौसेना में करीब 40 साल तक सेवाएं दे चुके हैं और कमांडर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अब बेटे का भी उसी पद तक पहुंचना परिवार के लिए गर्व की बात है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बढ़ गए LPG सिलेंडर के दाम, त्यौहारी सीजन में जनता को महंगाई का झटका; जानें नई दरें
रोहित की शुरुआती पढ़ाई नेवल पब्लिक स्कूल कोच्चि और मुंबई से हुई। इसके बाद वर्ष 2013 में उन्होंने भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त किया। धीरे-धीरे अपनी मेहनत और लगन के दम पर वह लेफ्टिनेंट और फिर लेफ्टिनेंट कमांडर के पद तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नौसेना में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
नौसेना में बेहतर सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा के लिए रोहित दड़ोच को कमांडर-इन-चीफ के प्रशस्ति पत्र से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी उपलब्धियों में शिक्षा का भी अहम योगदान रहा है। उन्होंने पुणे स्थित डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी से मरीन इंजीनियरिंग में एमटेक की पढ़ाई पूरी की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सैंकड़ों आउटसोर्स कर्मियों की गई नौकरी! 13 साल की सेवा...क्या फिर ढूंढनी पड़ेगी Job
रोहित दड़ोच की पदोन्नति से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। पिता के बाद बेटे का भी भारतीय नौसेना में कमांडर के पद तक पहुंचना परिवार के लिए खास उपलब्धि है। रोहित की इस सफलता ने बलयाना गांव के साथ-साथ पूरे दून क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है।